
CG Ministry Contract Recruitment: छत्तीसगढ़ के मंत्रालय में कामकाम को सुचारू रूप से चलाने के लिए सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने एक बड़ा और चौंकाने वाला निर्णय लिया है. मंत्रालय में कनिष्ठ सचिवालय सहायक (ग्रेड-3) के कर्मचारियों की भारी किल्लत को देखते हुए अब नई उम्र के युवाओं के बजाय सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी. विभाग ने तय किया है कि कनिष्ठ संवर्ग के खाली पड़े 145 पदों को संविदा नियुक्ति के माध्यम से भरा जाएगा. इस फैसले के बाद अब दफ्तरों में फाइलों का निपटारा 62 वर्ष से अधिक उम्र के अनुभवी बुजुर्ग करते नजर आएंगे.
व्यापमं में परीक्षा और परिणाम लंबित होने की वजह से सरकार ने निकाला बीच का रास्ता
CG Vyapam Exam Delay: मंत्रालय में नियमित स्टाफ की भर्ती की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापामं) को सौंपी गई थी. हालांकि जुलाई 2025 से नियमित नियुक्ति की प्रक्रिया व्यापमं के स्तर पर लंबित पड़ी हुई है. कनिष्ठ सचिवालय सहायक के पद लंबे समय से खाली होने की वजह से प्रशासनिक कामकाज पर इसका सीधा असर पड़ रहा था. इसी गतिरोध को दूर करने के लिए अपर मुख्य सचिव (एसीएस) पंचायत एवं ग्रामीण विकास, प्रमुख सचिव विधि और सचिव जीएडी की उच्च स्तरीय बैठक में इस वैकल्पिक व्यवस्था को हरी झंडी दी गई.

भर्ती का मुख्य कारण
| बिंदु | विवरण |
|---|---|
| मूल समस्या | व्यापमं में नियमित भर्ती प्रक्रिया का लंबे समय से अटकना |
| तात्कालिक जरूरत | मंत्रालय के अलग-अलग विभागों में कामकाज का बढ़ता दबाव |
| समाधान | छत्तीसगढ़ सिविल सेवा संविदा नियुक्ति नियम 2012 के तहत भर्ती |
सचिवालयीन विभागों में कामकाज ठप होने की नौबत, सुचारू संचालन के लिए संविदा का सहारा
जीएडी के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, कनिष्ठ सचिवालय सहायक के सैकड़ों पद खाली होने की वजह से दैनिक प्रशासनिक गतिविधियों को संचालित करने में काफी कठिनाई आ रही थी. कई विभागों से लगातार नए कर्मचारियों की मांग की जा रही थी, लेकिन नियमित तौर पर तुरंत नए पदों को भरना तकनीकी रूप से संभव नहीं हो पा रहा था. प्रशासनिक व्यवस्था को पूरी तरह ठप होने से बचाने के लिए सरकार ने संविदा नियुक्ति या आउटसोर्सिंग के जरिए तत्काल मैनपावर जुटाने का यह अहम कदम उठाया है.
पद और भर्ती का प्रारूप
| श्रेणी | जानकारी |
|---|---|
| पद का नाम | कनिष्ठ सचिवालय सहायक (ग्रेड-3) |
| कुल विज्ञापित पद | 145 (पदों की संख्या परिवर्तनीय है) |
| भर्ती का प्रकार | पूर्णतः संविदा और अस्थाई नियुक्ति |
आवेदन के लिए तय की गईं सख्त शर्तें, कंप्यूटर और टाइपिंग में महारत होना जरूरी
इस संविदा भर्ती के लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने कुछ अनिवार्य मापदंड और योग्यताएं तय की हैं. आवेदन करने वाले रिटायर्ड कर्मचारियों के पास कंप्यूटर संचालन का व्यावहारिक ज्ञान होना बेहद जरूरी है ताकि वे आधुनिक डिजिटल सरकारी कामकाज को बिना किसी बाधा के संभाल सकें. इच्छुक उम्मीदवारों को तय समय सीमा के भीतर अपने प्रामाणिक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करना होगा.
अनिवार्य शैक्षणिक व तकनीकी योग्यताएं
| योग्यता | विवरण |
|---|---|
| तकनीकी ज्ञान | हिंदी और अंग्रेजी टाइपिंग में गति |
| डिजिटल दक्षता | ई-मेल, वर्ड, एक्सेल और पावरपॉइंट का व्यावहारिक ज्ञान |
| कार्य प्रणाली | ऑनलाइन शासकीय प्रणालियों पर काम करने का अनुभ |
70 साल से कम उम्र के बुजुर्ग ही कर सकेंगे अप्लाई, पिछले 3 साल का सर्विस रिकॉर्ड देखा जाएगा
संविदा पर दोबारा नौकरी पाने के लिए केवल वही कर्मचारी पात्र माने जाएंगे जिनका पिछला सेवा रिकॉर्ड बेदाग रहा है. जीएडी ने इसके लिए उम्र और कार्य मूल्यांकन की सीमाएं बहुत स्पष्ट रखी हैं ताकि सिर्फ सक्षम और कार्यकुशल बुजुर्गों को ही मंत्रालय की संवेदनशील फाइलों की जिम्मेदारी सौंपी जा सके. स्क्रूटनी के दौरान चरित्र और कार्य निष्ठा को प्राथमिकता दी जाएगी.
आयु सीमा और पात्रता नियम
| मापदंड | पात्रता की शर्तें |
|---|---|
| अधिकतम आयु सीमा | आवेदक की उम्र 70 वर्ष से कम होनी चाहिए |
| पूर्व अनुभव | केंद्र, छत्तीसगढ़ राज्य या केंद्र शासित उपक्रम की नियमित सेवा से सेवानिवृत्त |
गोपनीय प्रतिवेदन (CR) का मापदंड
| वर्ष | अपेक्षित ग्रेडिंग |
|---|---|
| रिटायरमेंट से ठीक पहले के 3 साल | गोपनीय प्रतिवेदन ‘बहुत अच्छा’ या उससे ऊपर होना अनिवार्य है |



