
Raipur Speed Dating Controversy: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स कैंपस में आयोजित होने वाले एक स्पीड डेटिंग कार्यक्रम को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। संस्थान के वार्षिक उत्सव ओरियाना एम्स रायपुर के सोशल मीडिया पेज पर इस आयोजन का प्रचार शुरू होते ही शहर में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। इस प्रचार पोस्टर में महज 100 रुपए की एंट्री फीस देकर डेटिंग करने का मौका देने की बात कही गई है, जिसे लेकर सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
बजरंग दल ने आयोजन को बताया अश्लील और संस्कृति विरोधी
Bajrang Dal Protest In Raipur: सोशल मीडिया पर इस कार्यक्रम की जानकारी सामने आते ही छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने इसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने इस आयोजन को पूरी तरह अश्लील करार देते हुए कहा है कि इस तरह की गतिविधियों से रायपुर की पारंपरिक और स्थानीय संस्कृति पर बुरा असर पड़ेगा। बजरंग दल का आरोप है कि कुछ लोग शांत और संस्कारित शहर रायपुर को मुंबई और दिल्ली की तर्ज पर ढालने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
संगठन ने कार्यक्रम तत्काल रद्द करने की उठाई मांग
ORIANA AIIMS Raipur Event News: विरोध दर्ज कराते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एम्स प्रशासन और कार्यक्रम के आयोजकों से इस स्पीड डेटिंग इवेंट को तुरंत रद्द करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि एक प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान के परिसर में इस प्रकार के आयोजन होना उचित नहीं है और इससे विद्यार्थियों के बीच गलत संदेश जाता है। चेतावनी दी गई है कि यदि इस कार्यक्रम पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई, तो संगठन उग्र प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।

जानिए क्या है इस स्पीड डेटिंग कार्यक्रम का पूरा फॉर्मेट
आयोजकों की ओर से जारी की गई नियमावली के अनुसार यह कार्यक्रम 18 से 21 नवंबर तक सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच न्यू एडमिनिस्ट्रेशन बिल्डिंग में प्रस्तावित किया गया है। इस गतिविधि में 18 से 30 वर्ष की आयु के युवा हिस्सा ले सकते हैं। खास बात यह रखी गई है कि इसमें शामिल होने के लिए किसी डेलिगेट कार्ड की अनिवार्यता नहीं है और प्रतिभागी मौके पर ही अपना रजिस्ट्रेशन कराकर इसमें भाग ले सकते हैं।
20 मिनट के एक राउंड में दस जोड़ों की होगी बातचीत
नियमों के मुताबिक इस आयोजन के एक राउंड में कुल 10 लड़के और 10 लड़कियां एक-दूसरे के आमने-सामने बैठेंगे। प्रत्येक जोड़ी को आपस में बातचीत करने के लिए केवल 2 मिनट का समय दिया जाएगा। तय 2 मिनट पूरे होते ही सभी लड़के दाईं तरफ खिसक कर अगली लड़की से बात करेंगे और इसी क्रम में सभी 10 लड़के बारी-बारी से सभी 10 लड़कियों के साथ संवाद पूरा करेंगे।
चिट के जरिए चुना जाएगा मोस्ट लाइक्ड बॉय और गर्ल
इस पूरे एक राउंड को पूरा करने में कुल 20 मिनट का समय लगेगा। राउंड समाप्त होने के बाद सभी प्रतिभागियों को एक कागज की चिट दी जाएगी, जिसमें उन्हें सबसे ज्यादा पसंद आए किसी एक व्यक्ति का नाम लिखना होगा। सभी लड़कों और लड़कियों की चिट एकत्र करने के बाद जिस प्रतिभागी का नाम सबसे अधिक बार सामने आएगा, उसे मोस्ट लाइक्ड बॉय और मोस्ट लाइक्ड गर्ल घोषित किया जाएगा। कोई भी प्रतिभागी एक से अधिक राउंड में शामिल हो सकता है, लेकिन हर नए राउंड के लिए उसे अलग से 100 रुपए शुल्क देना होगा।
Also Read: शादी के डेढ़ साल बाद भी पति ने नहीं बनाए शारीरिक संबंध, पत्नी ने थाने में दर्ज कराई FIR



