CGPSC SI Result Controvery: ‘NEWS’ और ‘SPACERANI’ जैसे अजीब नामों से मचा बवाल, कांग्रेस ने उठाए CGPSC रिजल्ट पर सवाल, जानिए क्या है पूरा मामला

CGPSC SI Exam Result Controversy: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा के प्रारंभिक नतीजों को लेकर राज्य में नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। आयोग द्वारा जारी चयन सूची में अभ्यर्थियों के कुछ असामान्य नाम सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इस सूची को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। वहीं दूसरी ओर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी और आयोग ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

चयन सूची के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल

प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने के तुरंत बाद अभ्यर्थियों और आम लोगों की नजर चयन सूची में दर्ज कुछ अजीब नामों पर पड़ी। इसके बाद इन नामों के स्क्रीनशॉट अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा किए जाने लगे। सूची में अभ्यर्थियों के नाम के स्थान पर दर्ज कुछ शब्दों को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

‘NEWS’ और ‘SPACERANI’ जैसे नामों पर मचा बवाल

वायरल हो रही चयन सूची में कई ऐसे नाम शामिल हैं जिन पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। इसमें क्रमांक 6074 पर दर्ज अभ्यर्थी का नाम ‘NEWS’ लिखा हुआ है। इसी तरह क्रमांक 467 पर अभ्यर्थी का नाम ‘SPACERANI’ और क्रमांक 93 पर ‘MANBAS’ दर्ज है। इन नामों को सार्वजनिक करते हुए विपक्षी नेताओं ने परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए हैं।

कांग्रेस का साय सरकार और आयोग पर बड़ा हमला

कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने इस मामले पर सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि 12 जुलाई 2026 को आयोजित सब इंस्पेक्टर प्री परीक्षा के परिणामों में इस तरह की विसंगतियां मिलना गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की वर्तमान सरकार के सुशासन के दावों के बीच इस तरह के परिणाम आना पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर संदेह पैदा करता है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कसा तीखा तंज

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस मुद्दे पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में लिखा कि ‘NEWS’ और ‘SPACE RANI’ को परीक्षा में सफलता मिलने पर बधाई। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व में महतारी वंदन योजना में सामने आए एक फर्जी नाम का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में ‘रेडियो’ और ‘SPACE राजा’ जैसे नाम भी परीक्षाओं में सफल होते दिख सकते हैं।

भाजपा का पलटवार, बताया तकनीकी और लिपिकीय भूल

कांग्रेस के हमलावर रुख पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता राजीव चक्रवर्ती ने पार्टी का पक्ष रखते हुए कहा कि चयन सूची में दिख रहे अजीब नाम केवल तकनीकी या लिपिकीय भूल हो सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि आवश्यक जांच के बाद ऐसी विसंगतियों को दुरुस्त कर लिया जाएगा।

पिछली सरकार के मामलों का जिक्र कर घेरा

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि साय सरकार के कार्यकाल में सभी भर्ती परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि पिछली सरकार के दौरान परीक्षाओं में अपनों को लाभ पहुंचाने के गंभीर आरोप लगे थे, जबकि वर्तमान सरकार में किसी भी योग्य अभ्यर्थी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

आयोग का स्पष्टीकरण: ऑनलाइन आवेदन में भरा गया नाम ही परिणाम में प्रकाशित

सीजीपीएससी ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि परीक्षा परिणाम में अभ्यर्थियों के वही नाम दिखाए गए हैं, जो उन्होंने अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में भरकर अंतिम रूप से सबमिट किए थे। इसी नाम के आधार पर अभ्यर्थियों ने दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक परीक्षण और प्रारंभिक परीक्षा में भाग लिया था, तथा उनके प्रवेश पत्र (Admit Card) में भी यही नाम अंकित थे। अतः परिणाम में प्रकाशित नामों को लेकर भ्रम फैलाना या चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े करना पूरी तरह से निराधार और तथ्यहीन है।

आयोग की सफाई- अभ्यर्थियों ने अपने नाम को बताया सही

विवाद बढ़ता देख छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने स्थिति स्पष्ट की है। आयोग की परीक्षा नियंत्रक लीना कोसम ने बताया कि प्रारंभिक परिणाम में सामने आए नामों का सत्यापन कराया गया है। आयोग के अधिकारियों ने संबंधित अभ्यर्थियों से सीधे संपर्क किया। पूछताछ के दौरान अभ्यर्थियों ने अपने नाम में किसी भी प्रकार की गलती होने से इनकार किया है और दस्तावेज में दर्ज नामों को सही ठहराया है।

341 पदों के लिए 33 जिलों में हुई थी परीक्षा

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर के कुल 341 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए यह परीक्षा आयोजित की थी। परीक्षा का आयोजन 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिलों के 183 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया था।

लोक सेवा आयोग के दावे के बाद चयनित अभ्यर्थियों की प्रतिक्रिया

दक्षिण कोसल की टीम ने चयनित अभ्यर्थियों से सीधे बातचीत की। अभ्यर्थी ‘न्यूज कुमार’ ने स्पष्ट किया कि उनके नाम में “न्यूज” पहले से ही दर्ज है और उनकी मार्कशीट में भी यही नाम अंकित है। उन्होंने बताया कि सुबह सीजीपीएससी की ओर से आए सत्यापन कॉल के जवाब में उन्होंने 10वीं-12वीं की मार्कशीट और पहचान पत्र भेज दिया है।

वहीं, ‘स्पेस रानी’ ने अपनी परेशानी जाहिर करते हुए कहा कि बिना पड़ताल के सवाल उठाए जा रहे हैं; उन्होंने भी सत्यापन हेतु अपना पहचान पत्र प्रस्तुत किया है। इसके अलावा, एक अन्य अभ्यर्थी ‘हे राम’ ने बताया कि सीजीपीएससी से कॉल मिलने पर उन्होंने भी अपना पहचान पत्र उपलब्ध करा दिया है।

मुख्य परीक्षा के लिए 7,301 अभ्यर्थी हुए सफल

आयोग द्वारा जारी किए गए प्रारंभिक नतीजों में कुल 7,301 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए पात्र घोषित किया गया है। संभावित योजना के अनुसार मुख्य परीक्षा का आयोजन 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को किया जाना निर्धारित है। प्रारंभिक परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों को अब मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

यहां से देखें रिजल्ट

विवरणलिंक
आधिकारिक वेबसाइटयहाँ क्लिक करें
रिजल्ट PDFयहाँ देखें
Final Answer keyयहाँ देखें
चयन प्रक्रिया अपडेटयहाँ देखें
अन्य सरकारी नौकरीयहाँ क्लिक करें

Also Read: छत्तीसगढ़ में बड़ा भर्ती घोटाला! फर्जी नियुक्ति पत्र से 9 लोग 3 साल से सरकारी नौकरी में, हर महीने ले रहे वेतन

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button