IED ब्लास्ट केस की जांच तेज: दंतेवाड़ा और सुकमा में NIA की 12 ठिकानों पर बड़ी छापेमारी

रायपुर: IED Blast Case: राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (एनआईए) ने दंतेवाड़ा के अरनपुर में हुए भीषण नक्सली हमले की जाँच के सिलसिले में शुक्रवार को सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों में एक साथ 12 स्थानों पर छापेमारी की है। यह बड़ी कार्रवाई 26 अप्रैल 2023 को हुए उस आईईडी ब्लास्ट से जुड़ी है, जिसमें दरभा डिवीजन कमेटी के नक्सलियों ने डीआरजी (DRG) बल के जवानों को निशाना बनाया था। इस घातक हमले में 10 जवानों समेत वाहन चालक की मौत हो गई थी, जिसने पूरे बस्तर क्षेत्र को दहला दिया था।

सीपीआई (माओवादी) की फंडिंग से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री बरामद

एनआईए द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह छापेमारी अरनपुर आईईडी ब्लास्ट केस से जुड़े आरोपियों और संदिग्धों के ठिकानों पर की गई। एजेंसी ने बताया कि तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक और संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है, जिनमें नकदी, हस्तलिखित पत्र, प्रिंटेड रसीद बुक्स, और डिजिटल उपकरण शामिल हैं। जाँच में पाया गया है कि यह सामग्री सीपीआई (माओवादी) संगठन की फंडिंग और उनकी अवैध गतिविधियों से जुड़ी हुई है।

NIA ने अब तक 27 आरोपियों को किया गिरफ्तार, जाँच जारी

जाँच एजेंसी का कहना है कि जिन स्थानों पर छापेमारी की गई, वहाँ से मिले सबूतों से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध दरभा डिवीजन कमेटी के सक्रिय माओवादी कैडरों से हैं, जो इस घातक हमले में शामिल थे। एनआईए ने अपनी प्रेस रिलीज में बताया कि इस मामले की जाँच अभी भी जारी है। अब तक की कार्रवाई में कुल 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और दो चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं। एजेंसी को उम्मीद है कि हालिया तलाशी में मिले दस्तावेज़ और डिजिटल साक्ष्य इस मामले के नक्सली नेटवर्क को और गहराई से उजागर करेंगे।

Also Read: Dhamtari News: धमतरी में नशेड़ी दे रहे हैं लूट की घटनाओं को अंजाम

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button