
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से जारी हल्की गतिविधियों के बाद अब मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक 10 सितंबर से पूरे प्रदेश में बारिश के आंकड़ों में इजाफा देखने को मिलेगा। इस दौरान राज्य के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। अब तक राज्य में मौसमी बारिश का आंकड़ा सामान्य से 6 प्रतिशत कम दर्ज किया गया है।
रायपुर में सबसे ज्यादा गर्मी, पाली में हुई 4 सेमी बारिश
CG Today Weather News: बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के चुनिंदा इलाकों में हल्की से मध्यम बौछारें पड़ीं। इस अवधि में कोरबा जिले के पाली में सबसे ज्यादा 4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बिलासपुर के बेलगहना में 3 सेमी, जबकि कोरबा के हरदीबाजार और कांकेर के नरहरपुर में 2-2 सेमी वर्षा दर्ज हुई। तापमान की बात करें तो राजधानी रायपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती परिसंचरण
CG Monsoon Update: मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि वर्तमान में उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश तट के ऊपर समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से 10 सितंबर को उत्तरी बंगाल की खाड़ी में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर मानसून द्रोणिका जम्मू, देहरादून, पंतनगर, बस्ती, छपरा, पुरुलिया और दीघा होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है, जिससे राज्य में नमी का आगमन बढ़ेगा।
रायपुर में छाएंगे बादल, तेज हवाओं के साथ गिरेंगी बूंदे
Raipur Weather News: राजधानी रायपुर में 10 सितंबर को दिन भर आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। मौसम विभाग ने शहर में अंधड़ चलने, गरज-चमक होने और हल्की से मध्यम बारिश पड़ने की संभावना जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आज रायपुर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
प्रदेश के 27 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
Chhattisgarh Rain Alert: मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के 27 जिलों के लिए तत्कालीन चेतावनी (नाउकास्ट) जारी करते हुए येलो अलर्ट घोषित किया है। इसमें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर संभाग के अंतर्गत आने वाले सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में वज्रपात के साथ हल्की आंधी चलने की संभावना है।

दो दिनों के बाद और तेज होगी बारिश की रफ्तार
CG Rain Forecast: मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 सितंबर से प्रदेश में बारिश का दायरा काफी बढ़ जाएगा। दो दिनों के बाद राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होगी। इस दौरान विशेष रूप से दक्षिणी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे न रुकने की सलाह दी गई है।



