CM Vishnu Deo Sai Ajay Chandrakar Samdhi Bhent: धमतरी में सीएम विष्णुदेव साय और विधायक अजय चंद्राकर की ‘समधी भेंट’: मंच पर दिखी गजब की आत्मीयता, जानिए क्या है सियासी गलियारों में चर्चा का यह अनूठा रिश्ता

CM Vishnu Deo Sai Ajay Chandrakar Samdhi Bhent: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के ग्राम छाती में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम इन दिनों राजनीतिक गलियारों में खूब सुर्खियां बटोर रहा है। चंद्रनाहू (चंद्राकर) कुर्मी-क्षत्रिय समाज के 55वें केंद्रीय महाधिवेशन में सूबे के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इस गरिमामय आयोजन के दौरान जहां मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं, वहीं मंच पर एक बेहद दिलचस्प वाकया भी देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कुरुद के कद्दावर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के बीच जबरदस्त आत्मीयता नजर आई। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को आदर और स्नेह के साथ ‘समधी’ कहकर पुकारा, जिसे देखकर वहां मौजूद आम जनता और राजनीतिक विश्लेषकों का ध्यान इस अनूठी भेंट की ओर खिंचा चला गया।

कुरुद विधानसभा से जुड़ा है मुख्यमंत्री का यह पारिवारिक नाता, इसलिए एक-दूसरे को ‘समधी’ कहते हैं दोनों नेता

दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के बीच का यह रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं बल्कि पारिवारिक और सामाजिक ताने-बाने से जुड़ा हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सुपुत्री का विवाह कुरुद विधानसभा के समीप मगरलोड ब्लॉक के ग्राम परसवानी में हुआ है। उनका विवाह जनपद सदस्य टीकाराम कंवर के सुपुत्र तिमीरेन्दु शेखर कंवर के साथ हुआ है। चूंकि परसवानी गांव अजय चंद्राकर के विधानसभा क्षेत्र से लगा हुआ है, इसलिए क्षेत्रीय विधायक होने के नाते अजय चंद्राकर और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आपस में एक-दूसरे को समधी के रिश्ते से संबोधित करते हैं। धमतरी के इस प्रांतीय अधिवेशन में जब दोनों दिग्गज नेता एक साथ मंच पर बैठे, तो उनके बीच की यह अनूठी बॉन्डिंग और पारिवारिक आदर साफ तौर पर देखने को मिला।

अजय चंद्राकर की पोस्ट पर सीएम साय का आत्मीय जवाब

अजय चंद्राकर की पोस्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जवाब देते हुए लिखा कि अजय जी, आपका यह स्नेहपूर्ण संबोधन मुझे सदैव आत्मीयता से अभिभूत करता है। ग्राम छाती में समाजजनों के आग्रह पर आपके साथ हुई ‘समधी भेंट’ का यह आत्मीय क्षण मेरे लिए भी स्मरणीय रहेगा। आपका सहज अपनापन, मिलनसार स्वभाव और समाज के लोगों के साथ आपका आत्मीय जुड़ाव हमेशा विशेष रहा है। छत्तीसगढ़ की यही पारिवारिक संस्कृति, अपनापन और आपसी सम्मान हमारी सबसे बड़ी ताकत है। आपका स्नेह तथा समाजजनों का प्रेम निरंतर मिलता रहे, यही कामना है।

छाती कृषि उपज मंडी में हुआ कुर्मी समाज का 55वां महाधिवेशन, एकजुटता और सामाजिक संकल्प पर हुई गहन चर्चा

धमतरी जिले के कुरुद ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम छाती की कृषि उपज मंडी में इस बार चंद्रनाहू कुर्मी-क्षत्रिय समाज का 55वां महाधिवेशन आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, संगठनात्मक क्षमता और सामाजिक चेतना का एक बड़ा नजारा देखने को मिला। महाधिवेशन के दौरान समाज के प्रबुद्ध जनों ने युवाओं के सशक्तिकरण, उच्च शिक्षा के विस्तार, कुरीतियों के उन्मूलन और सामाजिक उत्थान के विभिन्न विषयों पर खुलकर अपने विचार साझा किए। पूरे आयोजन के दौरान पंडाल का माहौल काफी उत्साहजनक रहा और कार्यक्रम के समापन पर समाज के लोगों ने राष्ट्र की उन्नति का संकल्प लेते हुए ‘राजा रामचंद्र की जय’ और ‘छत्रपति शिवाजी महाराज की जय’ के गगनभेदी नारे लगाए।

सांसद विजय बघेल और विधायक ललित चंद्राकर सहित कई दिग्गज रहे मौजूद, महाधिवेशन में उमड़ा जनसैलाब

इस भव्य और विशाल महाधिवेशन में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर समाज के लोगों में भारी उत्साह था। कार्यक्रम के मंच पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधायक अजय चंद्राकर के अलावा प्रदेश के कई अन्य दिग्गज जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इनमें दुर्ग के सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण के विधायक ललित चंद्राकर, महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूनम चंद्राकर और चंद्रनाहू कुर्मी समाज के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश चंद्राकर प्रमुख रूप से शामिल थे। इन नेताओं के साथ ही संभाग भर से आए समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में स्वजातीय बंधु इस ऐतिहासिक महाधिवेशन के साक्षी बने।

Also Read: Dhamtari New Hospital Free Health Test: धमतरी में बनेगा सुपर हेल्थ हब: 38 करोड़ से खड़ी होंगी 5 नई इमारतें, मरीजों को मिलेंगी 133 तरह की मुफ्त जांच सुविधाएं

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button