
Dhamtari Sorid Bagatrai Drain Child Death: छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर स्थित सोरीद बागतराई नाले में रविवार शाम खेलते समय बहे 7 साल के मासूम की तलाश 24 घंटे बाद दुखद मोड़ पर खत्म हुई। पुलिस, गोताखोर और स्थानीय निवासियों की संयुक्त टीम ने सोमवार शाम को पुल के नीचे फंसे बच्चे के शव को बाहर निकाला। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है, वहीं लापरवाही को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
खेलते समय उफनते नाले में गिरा था बच्चा
Dhamtari Sorid Bridge Broken Rescue Operation: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार शाम करीब 5 बजे सोरीद बागतराई नाले के पास कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान 7 वर्षीय छात्र अचानक असंतुलित होकर बहते पानी में गिर गया। पानी का तेज बहाव बच्चे को खींचकर पुलिया के नीचे ले गया। साथ मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग तुरंत जमा हो गए और नाले में उतरकर खोजबीन शुरू की, लेकिन देर रात तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका।

पुल तोड़ने की मांग को लेकर NH पर किया चक्का जाम
Dhamtari Nagar Nigam Open Drain Accident Mayor Statement: बच्चे के नाले के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही थी। आक्रोशित वार्डवासियों ने प्रशासन से सोरीद पुल को तोड़कर तलाशी अभियान चलाने की मांग की। देर रात तक जब कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो लोगों ने सोरीद पुल के पास नेशनल हाईवे पर बैठकर चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हैमर मशीन मंगाकर पुलिया को तोड़ने का काम शुरू कराया।
देखें वीडियो-
चौथे पाइप के पास मलबे में दबा मिला मासूम का शव
सोमवार सुबह से जेसीबी और हैमर मशीनों की मदद से पुलिया का हिस्सा तोड़ा जाने लगा। नगर सैनिक, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर नाले के पानी में उतरकर मलबे को हटाते रहे। आखिरकार शाम करीब 5:30 बजे चौथे पाइप के पास मलबे को हटाने के दौरान बच्चे का शव अटका हुआ दिखाई दिया। शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को तुरंत 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल की मर्च्युरी भिजवा दिया।

पीड़ित परिवार को सरकारी राहत दिलाने का आश्वासन
हादसे की जानकारी मिलने के बाद धमतरी के महापौर रामू रोहरा भी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने इस घटना को पूरे शहर के लिए दुखद बताया। महापौर ने कहा कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार आरबीसी 6-4 के तहत मुआवजा दिलाने के लिए जिला प्रशासन से बात की गई है। इसके साथ ही उन्होंने सोरीद नाले पर आधुनिक तकनीक से नए पुल के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया।

नगर निगम की लापरवाही पर वार्ड पार्षद ने उठाए सवाल
दूसरी ओर, स्थानीय वार्ड पार्षद और नगर निगम में उप नेता प्रतिपक्ष विशू देवांगन ने प्रशासनिक ढिलाई पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि नाले की सुरक्षा व्यवस्था और जर्जर पुलिया को लेकर पहले भी कई बार नगर निगम प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया था। पार्षद का कहना था कि यदि समय रहते नाले के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया जाता, तो आज इस बेकसूर मासूम की जान नहीं जाती।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
धमतरी के कोतवाली थाना प्रभारी राजेश जगत ने बताया कि नाले में गिरने से बच्चे की मौत के मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों और सुरक्षा में हुई कमियों का ब्योरा तैयार किया जा सके।



