CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें रायपुर में महिला आरक्षण पर बीजेपी का हल्लाबोल, बिलासपुर एयरपोर्ट पर सुनवाई टली, ईंधन किल्लत की अफवाह पर 105 FIR, उदंती टाइगर रिजर्व का ‘फायर-वॉटर’ मॉडल बना मिसाल, कांकेर में नक्सली सरेंडर, कार्बन फैक्ट्री में धमाका, शराब ओवरटाइम घोटाला, जग्गी हत्याकांड और शिकारियों पर बड़ी कार्रवाई समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे
महिला आरक्षण पर रायपुर में बीजेपी का हल्लाबोल, सीएम साय भी सड़क पर उतरे
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार को महिला आरक्षण बिल को लेकर सियासी पारा चढ़ गया। केंद्र सरकार के ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के पारित न होने से नाराज भारतीय जनता पार्टी ने ‘जनआक्रोश रैली’ निकाली। इस प्रदर्शन की अगुवाई बीजेपी महिला मोर्चा ने की। रैली बलबीर जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर सुभाष स्टेडियम तक गई, जहां एक बड़ी सभा हुई। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और उपमुख्यमंत्री अरुण साव समेत कई बड़े चेहरे शामिल हुए। बीजेपी नेताओं ने विपक्षी गठबंधन पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया। बीजेपी ने इसके विरोध में आने वाले दिनों के लिए भी कार्यक्रम तय किए हैं, जिसमें 20 अप्रैल को पदयात्रा और 26-27 अप्रैल को पुतला दहन शामिल है।
बिलासपुर एयरपोर्ट का मामला फिर अटका, हाईकोर्ट ने जुलाई तक बढ़ाई मोहलत
बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर चल रही सुनवाई अब जुलाई के आखिरी हफ्ते तक टल गई है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की बेंच ने राज्य सरकार के आश्वासन पर यह समय दिया है। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार काम बहुत धीरे कर रही है और निजी एयरलाइंस को बुलाने में दिलचस्पी नहीं दिखा रही। दूसरी तरफ सरकार ने बताया कि अब तक एयरपोर्ट पर 100 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं और रनवे का काम जारी है। कोर्ट ने साफ किया कि याचिका 4C लेवल के एयरपोर्ट के लिए है और अभी सिर्फ 3C का काम हुआ है, इसलिए सुनवाई जारी रहेगी।
पेट्रोल-डीजल और गैस की किल्लत महज अफवाह, कालाबाजारी पर 100 से ज्यादा FIR
छत्तीसगढ़ सरकार ने साफ किया है कि प्रदेश में ईंधन या एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। प्रमुख सचिव कृषि विभाग और खाद्य विभाग के अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और गैस का पर्याप्त स्टॉक है। मार्च में कुछ अफवाहों की वजह से बुकिंग अचानक बढ़ गई थी, लेकिन अब हालात सामान्य हैं। सरकार ने जमाखोरी करने वालों पर भी सख्त एक्शन लिया है। अब तक 419 जगहों पर छापेमारी की गई और करीब 4000 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इस मामले में 105 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व बना मिसाल, ‘फायर-वॉटर’ मॉडल ने बचाए जंगल
गरियाबंद जिले का उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व वन्यजीव संरक्षण के मामले में देशभर में नाम कमा रहा है। यहां ‘फायर-वॉटर’ मॉडल लागू किया गया है, जिसके तहत 143 बीट में खास टीमें तैनात हैं। जंगल की आग रोकने के लिए थर्मल ड्रोन का इस्तेमाल हो रहा है, वहीं जंगली जानवरों के लिए जंगल के अंदर ही 750 जल स्रोत तैयार किए गए हैं। इसका फायदा यह हुआ कि पिछले 3 साल से यहां मानव-वन्यजीव संघर्ष में किसी की जान नहीं गई है।
नक्सली रूपी की मौत के बाद दहशत, एक और साथी ने किया सरेंडर
कांकेर में पुलिस को नक्सल मोर्चे पर बड़ी कामयाबी मिली है। तेलंगाना कैडर की नक्सली रूपी के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद नक्सलियों में डर का माहौल है। इसी बीच परतापुर एरिया कमेटी के सक्रिय सदस्य दासरू ने पुलिस के सामने हथियार डाल दिए। दासरू ने आमाबेड़ा थाने पहुंचकर सरेंडर किया। पुलिस ने उसे सरकार की पुनर्वास नीति के तहत शुरुआती सहायता राशि दी है।
इंडस्ट्रियल एरिया में केमिकल टैंक फटा, बाल-बाल बचे मजदूर
रायपुर के इंडस्ट्रियल एरिया की एक कार्बन फैक्ट्री में सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते बचा। यहां अचानक एक केमिकल टैंक फट गया, जिससे चारों तरफ गर्म लावा और धुआं फैल गया। गनीमत रही कि उस समय कोई मजदूर टैंक के पास नहीं था। फायर ब्रिगेड की टीम ने फोम और पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाया। आरोप लग रहे हैं कि फैक्ट्री में सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही थी।
CSMCL घोटाला: ओवरटाइम के नाम पर 115 करोड़ की हेराफेरी, दो गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड में हुए ओवरटाइम घोटाले में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई की है। ईगल हंटर सॉल्यूशन एजेंसी के फील्ड ऑफिसर अभिषेक सिंह और अकाउंटेंट तिजऊ राम को गिरफ्तार किया गया है। जांच में पता चला कि 2019 से 2024 के बीच कर्मचारियों के नाम पर 115 करोड़ रुपये ओवरटाइम के तौर पर निकाले गए, लेकिन यह पैसा कर्मचारियों को मिला ही नहीं। यह रकम फर्जी तरीके से निकालकर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई।
जग्गी हत्याकांड: अमित जोगी की याचिकाओं पर अब 23 अप्रैल को सुनवाई
एनसीपी नेता रामावतार जग्गी हत्याकांड में सजा पाए अमित जोगी की याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। अदालत ने उनकी दोनों याचिकाओं को एक साथ जोड़ दिया है और अगली सुनवाई के लिए 23 अप्रैल की तारीख तय की है। कोर्ट ने फिलहाल अमित जोगी को सरेंडर से जुड़ी कोई अंतरिम राहत नहीं दी है। बता दें कि साल 2003 में रामावतार जग्गी की हत्या हुई थी, जिसमें लंबे समय से कानूनी लड़ाई जारी है।
बलरामपुर में अवैध शिकार का भंडाफोड़, चिड़िया और गिलहरी के साथ 5 धरे गए
बलरामपुर जिले के धमनी वन परिक्षेत्र में शिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। वन विभाग ने 5 आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा है जो चिड़ियों और गिलहरी का शिकार कर रहे थे। इनके पास से शिकार के हथियार भी जब्त किए गए हैं। पकड़े गए सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। वन विभाग ने चेतावनी दी है कि जंगलों में अवैध शिकार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
बीजेपी कार्यकर्ता को थप्पड़ मारना पड़ा महंगा, रतनपुर एएसआई सस्पेंड
बिलासपुर के रतनपुर थाने में एक बीजेपी कार्यकर्ता से मारपीट के मामले में पुलिस विभाग ने सख्त कदम उठाया है। पीड़ित विनोद जायसवाल ने आरोप लगाया था कि एएसआई दिनेश तिवारी ने उनके साथ गाली-गलौज की और थप्पड़ मारे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसएसपी ने एएसआई को तुरंत सस्पेंड कर दिया है। एएसआई के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया गया है।



