
रायपुर: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर की गई टिप्पणी पर छत्तीसगढ़ के भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने तीखे शब्दों में पलटवार किया है। चंद्राकर ने कहा, “ममता बनर्जी बंगाल के लिए ताड़का और सुरसा हैं, जिनका वध निश्चित है। ममता यह तय नहीं कर सकतीं कि देश उनकी धमकी से चलेगा। वह सिर्फ कांग्रेस को धमका सकती हैं, भाजपा को नहीं।” चंद्राकर ने कहा कि ममता को यह सोचना चाहिए कि उन्होंने बंगाल को आखिर दिया क्या है।
मच्छर और मक्खी पार्टी है कांग्रेस
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, “जैसे मच्छर या मक्खी काटता है तो खुजली होती है… उसी तरह कांग्रेस को खुजली होती है तो कोर्ट चली जाती है। कांग्रेस सोचती है चलिए कोर्ट में चाय पीकर ही आते हैं।” उन्होंने विपक्ष पर तथ्यों और तर्कों के बिना सिर्फ विरोध करने का आरोप लगाया।
शीतकालीन सत्र: ‘धीमी गति का समाचार बजेगा’
छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 14 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है। सत्र के लिए रणनीति बनाने के लिए आज कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक पर कटाक्ष करते हुए भाजपा विधायक चंद्राकर ने कहा, “जो रणनीति तैयार करनी है कर लें… धीमी गति का समाचार बजता है, इसी को सुनकर वापस आ जाएंगे।”
विपक्ष की रणनीति पर सवाल, तथ्य और तर्कों में दम ही नहीं रहता
चंद्राकर ने आगे कहा कि कांग्रेस के तथ्य और तर्कों में दम नहीं रहता। उनके बयान विधानसभा में विपक्ष की कमजोर तैयारी की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने यह बयान ऐसे समय दिया है जब कांग्रेस पार्टी सदन में सरकार को घेरने के लिए मुद्दों को अंतिम रूप देने में जुटी है। उनके इस हमले से राज्य की राजनीति में तल्खी और बढ़ गई है।



