CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें बिलासपुर बादाम कांड में भ्रष्टाचार का खुलासा, महासमुंद में लाखों की चांदी बरामद, वन भूमि से अतिक्रमण मुक्त, अंतरराज्यीय उठाईगिरी गैंग का पर्दाफाश, धमतरी में भारी मात्रा में गांजा जब्त, राशन दुकानों के समय में बदलाव, शिक्षिका की फर्जी हाजिरी पर जांच, रायपुर में गैस पाइपलाइन का रोडमैप, वेदांता हादसे पर कानूनी रार और राजनांदगांव में राजस्व निरीक्षक निलंबित समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे
बिलासपुर बादाम कांड: एनओसी के लिए रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल
बिलासपुर का चर्चित ‘बादाम कांड’ एक बार फिर चर्चा में है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की वरिष्ठ सहायक पूनम बंजारे का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें उन पर एनओसी (NOC) देने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप लगा है। पीड़ित महिला और उसके बेटे का कहना है कि उन्हें महीनों तक दफ्तर के चक्कर लगवाए गए। वीडियो में बहस और गाली-गलौज भी सुनाई दे रही है। हालांकि, अधिकारी ने आरोपों को गलत बताया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कमिश्नर अवनीश शरण ने पूनम बंजारे को मुख्यालय अटैच कर दिया है और सख्त जांच के निर्देश दिए हैं।
महासमुंद में चांदी की बड़ी खेप बरामद
महासमुंद जिले के रेहटीखोल नाका पर पुलिस ने एक बस की तलाशी के दौरान करीब 18.5 किलो चांदी के पायल जब्त किए हैं। इनकी बाजार में कीमत लगभग 46 लाख रुपये आंकी गई है। ओडिशा से आ रही इस बस में सवार राज किशोर शर्मा नाम के व्यक्ति के पास से यह जेवर मिले। वैध दस्तावेज न होने के कारण पुलिस ने इन्हें जब्त कर लिया है और मामला अब आयकर विभाग को सौंप दिया गया है।
जंगल की जमीन पर कब्जा करने वालों पर चला डंडा
महासमुंद और धमतरी में वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। तमोरा बीट में करीब 94 हेक्टेयर वन भूमि को मुक्त कराया गया और इस मामले में 52 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि लोग पेड़ों को काटकर वहां खेती करने की कोशिश कर रहे थे। वहीं धमतरी में भी बुलडोजर चलाकर करीब 116 हेक्टेयर जमीन से अवैध निर्माण हटाए गए हैं।
अंतरराज्यीय उठाईगिरी गैंग का एक सदस्य गिरफ्तार
रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मध्य प्रदेश और ओडिशा समेत छत्तीसगढ़ के कई जिलों में डिक्की से पैसे चोरी करने वाले गैंग के एक सदस्य अरविंद नट को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने पिछले एक साल में 12 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दिया है। उसका एक साथी फिलहाल फरार है जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
धमतरी में 63 लाख का गांजा पकड़ाया
नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धमतरी पुलिस और वन विभाग ने सांकरा फॉरेस्ट नाका पर एक कार से 127 किलो गांजा बरामद किया। इसकी कीमत करीब 63.54 लाख रुपये है। महाराष्ट्र के रहने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में पता चला कि यह खेप ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाई जा रही थी।
भीषण गर्मी: अब सुबह और रात में मिलेगा सरकारी राशन
छत्तीसगढ़ में पारा 44 डिग्री के पार पहुंचने के कारण सरकार ने राशन दुकानों के समय में बड़ा बदलाव किया है। अब हितग्राहियों को दोपहर की तपती धूप में लाइन नहीं लगानी होगी। राशन दुकानें सुबह 7 बजे खुलेंगी और रात 9 बजे तक खुली रहेंगी। दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक दुकानें बंद रहेंगी ताकि कर्मचारियों और जनता को लू से बचाया जा सके। रायपुर और बिलासपुर में गर्मी ने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
पीएचडी विवाद: एक साथ दो जगह उपस्थिति पर शिक्षिका फंसी
खैरागढ़ जिले में एक शिक्षिका की पीएचडी डिग्री पर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि निकेता सिंह नाम की शिक्षिका जिस समय स्कूल में बच्चों को पढ़ा रही थीं, उसी समय उनकी उपस्थिति इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के रेगुलर पीएचडी कोर्स में भी दर्ज थी। शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं और 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है।
रायपुर के किचन तक पहुंचेगी गैस पाइपलाइन
राजधानी रायपुर के लोगों को अब एलपीजी सिलेंडर खत्म होने की चिंता नहीं रहेगी। शहर में नेचुरल गैस पाइपलाइन (PNG) बिछाने का रोडमैप तैयार हो गया है। नगर निगम कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि खुदाई के दौरान पानी की पाइपलाइन नहीं टूटनी चाहिए और काम खत्म होते ही सड़क की तुरंत मरम्मत करनी होगी। जल्द ही घरों में सीधे पाइप के जरिए गैस पहुंचेगी।
वेदांता हादसे में एफआईआर पर बढ़ा विवाद
जांजगीर-चांपा के वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर फटने के मामले में अब बड़े उद्योगपतियों ने पुलिसिया कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। नवीन जिंदल और किरण बेदी जैसी हस्तियों ने एफआईआर में चेयरमैन का नाम शामिल करने को गलत बताया है। उनका तर्क है कि सरकारी कंपनियों में होने वाले हादसों पर अधिकारियों पर ऐसी कार्रवाई नहीं होती। बता दें कि इस हादसे में दर्जनों मजदूर घायल हुए थे।
काम में लापरवाही पर राजस्व निरीक्षक सस्पेंड
राजनांदगांव कलेक्टर ने शासकीय कार्यों में देरी और लापरवाही बरतने वाले राजस्व निरीक्षक अवधराम ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने सीमांकन के कई मामलों को लंबे समय से लटका कर रखा था और नोटिस का भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया था। प्रशासन ने सख्त संदेश दिया है कि आम जनता के काम में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



