
Dhamtari Police Patrolling: धमतरी में अब अड्डेबाजी, नशाखोरी और गुटबाजी करने वालों की खैर नहीं। शहर में लगातार बढ़ते असामाजिक तत्वों की हरकतों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। एडिशनल एसपी मणिशंकर चंद्रा के नेतृत्व में सिटी कोतवाली, सिविल लाइन और अर्जुनी थाना की संयुक्त टीम ने बाइक पेट्रोलिंग कर शहर के संवेदनशील और सुनसान इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया।

नशे और अपराध की बढ़ती कड़ी को तोड़ने की कोशिश
धमतरी में बीते कुछ समय से नशा, चाकूबाजी और लूटपाट जैसी वारदातें लगातार बढ़ रही थीं। पुलिस का मानना है कि अधिकतर घटनाओं की जड़ में नशा और अड्डेबाजी ही है। इन्हीं कारणों से पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर पूरे शहर में असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया गया।
कहां-कहां चली पेट्रोलिंग
पुलिस की टीम ने मकेश्वर वार्ड, स्टेशनपारा, दानीटोला, मकई चौपाटी, गोकुलपुर, जालमपुर, रामपुर, विंध्यवासिनी वार्ड, इंडोर स्टेडियम और एकलव्य मैदान जैसे स्थानों पर पेट्रोलिंग कर संदिग्ध लोगों की तलाशी ली। सुनसान इलाकों में बैठे नशेड़ियों और अड्डेबाजों को मौके पर ही चेतावनी दी गई।
क्या बोले अधिकारी?
एडिशनल एसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में अलग-अलग पेट्रोलिंग टीम बनाई गई थी। इन टीमों ने न सिर्फ चेकिंग और पूछताछ की, बल्कि उन लोगों को चेतावनी भी दी जो अनावश्यक रूप से सुनसान जगहों पर डेरा जमाए हुए थे।
पुलिस ने गुमशुदा संदिग्धों, धारदार हथियार लेकर घूमने वालों और वाहनों के डिक्की तक की जांच की। कई मामलों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
पुलिस की साफ चेतावनी – सुधर जाओ वरना कार्रवाई तय
धमतरी पुलिस अब बकायदा चेतावनी दे चुकी है कि यदि कोई दोबारा अड्डेबाजी या नशाखोरी में पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए यह पहल जरूरी थी। अब देखने वाली बात यह होगी कि इस अभियान से अड्डेबाजों और असामाजिक तत्वों पर कितनी लगाम लगती है। पर फिलहाल इतना तय है कि धमतरी की गलियों में पुलिस की बाइकें दौड़ रही हैं और संदेश साफ है — अपराधियों की अब खैर नहीं!
Also Read:



