घर का सारा सामान छोड़ आखिर क्या ले उड़े लग्जरी कार सवार चोर? मामला जानकर आप भी कहेंगे- गजब है!

लखनपुर (सरगुजा)। क्षेत्र में इन दिनों चोरों का एक अनोखा और हाई-प्रोफाइल गिरोह सक्रिय है, जो पैदल या बाइक से नहीं बल्कि चमचमाती लग्जरी कारों में सवार होकर गांव पहुंचता है और पशुपालकों की मेहनत पर हाथ साफ कर देता है। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चोड़ेया से ऐसी ही एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने आधी रात को एक ग्रामीण के घर को निशाना बनाते हुए पांच बकरा-बकरियों की चोरी कर ली। लगातार हो रही इन घटनाओं ने पूरे इलाके के पशुपालकों की नींद उड़ा दी है।

ताला तोड़कर उड़ाए 40 हजार के 5 बकरियां

ताजा मामला ग्राम चोड़ेया निवासी दीप नारायण के घर का है। पीड़ित पशुपालक ने बताया कि 20 और 21 नवंबर की दरम्यानी रात कार सवार अज्ञात बदमाश उनके घर पहुंचे। चोरों ने बड़ी सफाई से घर के सामने बने कमरे का ताला तोड़ा और अंदर बंधे 5 बकरा-बकरियों को गाड़ी में लादकर फरार हो गए। सुबह जब दीप नारायण की नींद खुली और कमरे का टूटा ताला व खाली जगह देखी, तो उनके होश उड़ गए। इस चोरी से उन्हें करीब 40 हजार रुपए की चपत लगी है। रविवार दोपहर पीड़ित ने लखनपुर थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले भी क्षेत्र में इसी तरह मवेशी चोरी की घटना हुई थी।

दूसरे राज्यों तक जुड़े हैं चोरी के तार!

ग्रामीणों का मानना है कि क्षेत्र में मवेशी व्यापार बढ़ने और बाहरी लोगों की आवाजाही तेज होने के बाद से चोरों के हौसले बुलंद हुए हैं। स्थानीय लोगों का सीधा आरोप है कि झारखंड और बिहार से आने वाले व्यापारी गांव-गांव घूमकर बकरा-बकरी खरीदते हैं। आशंका जताई जा रही है कि बाहरी और कुछ स्थानीय व्यापारियों की मिलीभगत से चोरी किए गए मवेशियों को दूसरे राज्यों के बाजारों में खपाया जा रहा है। बता दें कि पूर्व में भी लखनपुर पुलिस ने ऐसी ही वारदातों का पर्दाफाश करते हुए दूसरे राज्यों से चोरी के मवेशी बरामद किए थे।

रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग, खौफ में पशुपालक

अपनी जमापूंजी लगाकर पशु पालने वाले ग्रामीणों में अब डर का माहौल है। चोरों के बेखौफ रवैये से नाराज पशुपालकों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि इलाके में रात्रि गश्त तेज की जाए और रात के समय गांवों में घूमने वाले संदिग्ध वाहनों की सघन जांच हो, ताकि इस लग्जरी कार वाले चोर गिरोह पर जल्द से जल्द लगाम लगाई जा सके।

यह भी पढ़ें: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर इस कारोबारी से मांगी 15 करोड़ की फिरौती, रकम न देने पर परिवार को जान से मरने की धमकी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Related Articles

Back to top button