Nawapara Criminal Lalla Sonwani1: फिल्म स्टाइल में पुलिस वैन का पीछा: NSA के आरोपी हिस्ट्रीशीटर लल्ला सोनवानी को छुड़ाने सड़क पर गाड़ियां अड़ाकर हंगामा, समर्थकों का हिम्मत देख पुलिस रह गई दंग

NSA Criminal Lalla Sonwani: रायपुर जिले के अभनपुर विधानसभा अंतर्गत गोबरा नवापारा थाना इलाके में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत निरुद्ध किए गए एक हिस्ट्रीशीटर को जेल भेजने के दौरान जमकर बवाल हुआ। आरोपी के परिजनों और समर्थकों ने पहले तो पुलिस थाने परिसर में हंगामा खड़ा किया और फिर पुलिस वैन का पीछा कर बीच रास्ते में गाड़ियां अड़ा दीं। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए आरोपी को सुरक्षित रायपुर केंद्रीय जेल पहुंचाया। पुलिस अब हंगामा करने और सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।

कलेक्टर के आदेश पर रासुका के तहत हुई गिरफ्तारी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोबरा नवापारा क्षेत्र के चर्चित आदतन अपराधी टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी के खिलाफ कलेक्टर रायपुर ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत जेल भेजने का आदेश जारी किया था। इस आदेश के पालन के लिए पुलिस बल लल्ला को गिरफ्तार कर थाने ले आया। जब पुलिस कर्मी कागजी प्रक्रिया पूरी कर रहे थे, तभी आरोपी के समर्थन में करीब दस महिलाएं और आधा दर्जनों पुरुष थाने के अंदर दाखिल हो गए।

थाने के भीतर गाली-गलौज और पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी

थाने पहुंचे आरोपी के परिजन और समर्थक कार्रवाई को गलत ठहराते हुए बहस करने लगे। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए थाने परिसर में ही हंगामा शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और आरोपी लल्ला सोनवानी को बस में बैठाकर केंद्रीय जेल रायपुर के लिए रवाना किया।

सड़क के बीच गाड़ियां अड़ाकर पुलिस का रास्ता रोका

थाने से रवाना होने के थोड़ी देर बाद ही ग्राम बजरंगपुर के पास दो-तीन चारपहिया वाहनों ने पुलिस की बस का पीछा कर उसे बीच सड़क पर ही जबरन रोक दिया। गाड़ियों में सवार लोगों ने उतरकर पुलिस वाहन को घेर लिया और लल्ला को पुलिस हिरासत से छुड़ाने का प्रयास करने लगे।

पुलिस का बल प्रयोग, आरोपी को सुरक्षित जेल भेजा गया

समर्थकों के इस रवैये को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए घेराबंदी करने वाले लोगों को खदेड़ दिया और आरोपी लल्ला सोनवानी को अपने कब्जे में बनाए रखा। इसके बाद पुलिस दल ने आरोपी को सुरक्षित रूप से रायपुर केंद्रीय जेल पहुंचाया।

हंगामा करने वालों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने रास्ता रोकने में इस्तेमाल किए गए वाहनों और उसमें सवार लोगों को अपनी गिरफ्त में ले लिया। सभी संदिग्धों को वापस थाने लाकर उनके खिलाफ सरकारी काम में रुकावट डालने और पुलिस बल पर हमला करने की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

13 आपराधिक मुकदमों में नामजद है आरोपी लल्ला सोनवानी

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी इलाके का पुराना अपराधी है। वर्ष 2010 से लेकर अब तक उसके खिलाफ 13 से अधिक संगीन मामले दर्ज हो चुके हैं। इनमें आबकारी एक्ट, जुआ-सट्टा, नारकोटिक्स, आर्म्स एक्ट और मारपीट से जुड़ी धाराएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 11 बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।

Also Read: Nari Bridge Neeraj Case: नारी पुल पर हुई Hत्या की गुत्थी सुलझी: कैंची और पाने से किया था हमला, सैकड़ों सीसीटीवी खंगालने पर पकड़ा गया कातिल, वजह जान रह जायेंगे दंग

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button