VIDEO: दीपक बैज का हमला: बृजमोहन अग्रवाल को बताया सरकार का ‘विभीषण’, बोले- बृजमोहन दिल्ली में डिनर नहीं दे रहे, साय सरकार के खिलाफ बना रहे रणनीति

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कांग्रेस ने ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ पदयात्रा के जरिए अपनी ताकत दिखाई। मगरलोड ब्लॉक के मेघा गांव से शुरू हुई इस 8 किलोमीटर लंबी पदयात्रा का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने किया। पैदल मार्च के दौरान दीपक बैज ने जगह-जगह नुक्कड़ सभाएं कीं और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानी जाने वाली मनरेगा योजना को सरकार जानबूझकर कमजोर कर रही है।

बृजमोहन अग्रवाल के बहाने सरकार पर तंज

पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। बैज ने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल आने वाले समय में भाजपा सरकार के लिए ‘विभीषण’ साबित होंगे। उन्होंने दावा किया कि सांसद दिल्ली में केवल डिनर पार्टियों का आयोजन नहीं कर रहे हैं, बल्कि अपनी ही सरकार के खिलाफ रणनीति तैयार कर रहे हैं। बैज के अनुसार, एक वरिष्ठ नेता होने के नाते बृजमोहन अग्रवाल सरकार के भीतर चल रही कमियों को बखूबी जानते हैं और वे आने वाले वक्त में बड़ी चुनौती बनेंगे।

देखिये वीडियो-

जंबूरी घोटाले को लेकर सरकार को घेरा

दीपक बैज ने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल को उनकी अपनी ही पार्टी की सरकार निशाना बना रही है। उन्होंने जंबूरी घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने की वजह से भाजपा सांसद को हाशिए पर धकेलने की कोशिश हो रही है। बैज ने चुटकी लेते हुए कहा कि जो नेता सच बोल रहा है, सरकार उसे ही दबाने में लगी है। कांग्रेस अध्यक्ष के इस बयान से प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि क्या वाकई भाजपा के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है।

मनरेगा को खत्म करने का लगाया आरोप

पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य मनरेगा योजना के बदलते स्वरूप का विरोध करना था। दीपक बैज ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा का नाम, काम और उद्देश्य बदलकर इसे धीरे-धीरे खत्म करने की साजिश रची जा रही है। कांग्रेस की इस जनसंपर्क यात्रा के जरिए गांव-गांव जाकर लोगों को यह संदेश दिया जा रहा है कि अगर मनरेगा कमजोर हुई, तो ग्रामीण रोजगार पर बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा।

Also Read: छत्तीसगढ़ बीजेपी में नए प्रभारी को लेकर सस्पेंस: नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद तलाश तेज, ढाई महीने का लग सकता है वक्त

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button