
जांजगीर-चाँपा जिले के प्रसिद्ध शिवरीनारायण मेले में मंगलवार को एक भीषण दुर्घटना हो गई। मेले का मुख्य आकर्षण माना जाने वाला ‘आकाश झूला’ अचानक तकनीकी खराबी के कारण टूट गया। झूला टूटते ही उस पर सवार लोग ऊंचाई से सीधे जमीन पर आ गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला और दो युवतियों सहित कुल 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घायलों की हालत नाजुक, अस्पताल में भर्ती
हादसे में घायल होने वाले लोग मलदा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जो सपरिवार मेला देखने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झूला गिरते ही चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, दो युवतियों की स्थिति फिलहाल बेहद नाजुक बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जा सकता है।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे गंभीर सवाल
इस घटना ने मेले में लगाए गए झूलों की सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। बिना उचित फिटनेस सर्टिफिकेट और सुरक्षा जांच के इतने बड़े झूले के संचालन को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और झूला संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। प्रशासन अब अन्य झूलों की भी जांच कर रहा है ताकि दोबारा ऐसी अनहोनी न हो।



