CG Top 10 News Today: भूपेश बघेल का दावा-भाजपा में शामिल होने का दबाव बनाया गया, भारत माला घोटाला: दो राजस्व अधिकारी गिरफ्तार,मेडिकल कॉलेज में बायोमेडिकल कचरे का ढेर, बीजापुर में राशन घोटाला,छत्तीसगढ़ में यूनिफॉर्म सिविल कोड पर चर्चा तेज, कांकेर में पूर्व माओवादियों को मिल रहा नया रास्ता ,इंस्टाग्राम रील में ईयरगन दिखाना पड़ा भारी, नकली दवा के कारोबारी से सांठगांठ पड़ी महंगी, भूमकाल रैली में बजा हिडमा के नाम का गीत ,रायपुर में हेरोइन बेचते पुलिस आरक्षक गिरफ्तार, समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

भारत माला घोटाला: दो राजस्व अधिकारी गिरफ्तार, 7 दिन की पुलिस रिमांड

रायपुर में भारत माला परियोजना से जुड़े कथित घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा ने बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से फरार चल रहे दो राजस्व अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें तत्कालीन तहसीलदार अभनपुर शशिकांत कुर्रे और तत्कालीन नायब तहसीलदार गोबरा नवापारा लखेश्वर प्रसाद किरण शामिल हैं। दोनों को विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। अब 20 फरवरी तक जांच एजेंसी उनसे पूछताछ करेगी। मामला भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण में गड़बड़ी से जुड़ा है। जांच के दौरान दस्तावेजों की जांच और अन्य अधिकारियों की भूमिका भी खंगाली जा सकती है।

मेडिकल कॉलेज में बायोमेडिकल कचरे का ढेर, संक्रमण का खतरा

डिमरापाल स्थित मेडिकल कॉलेज से जुड़ी लापरवाही ने चिंता बढ़ा दी है। अस्पताल परिसर के पीछे खुले में फेंके गए मेडिकल कचरे में इंसानी अंग, खून से सने कपड़े और नुकीले उपकरण पाए गए हैं। बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट नियम 2016 के तहत ऐसे कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में सुरक्षित तरीके से नष्ट करना जरूरी है, लेकिन यहां नियमों की अनदेखी दिख रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे टीबी, हेपेटाइटिस और एचआईवी जैसे संक्रमण फैलने का खतरा रहता है। बारिश का पानी इस कचरे को भूजल तक पहुंचा सकता है। मामले पर अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी सवाल खड़े कर रही है।

बीजापुर में राशन घोटाला, चार अधीक्षक निलंबित

बीजापुर के पोटाकेबिन आवासीय विद्यालयों में छात्रों की फर्जी उपस्थिति दिखाकर राशन की राशि निकालने का मामला सामने आया है। जांच में पाया गया कि कई छात्र अनुपस्थित थे, फिर भी उनके नाम पर राशन और सब्जी की खरीदी दिखाई गई। सरकार ने आदित्य ठाकुर, लक्ष्मीनारायण ओढदल, पुष्पलता सोनी और रघुनंदन मौर्य को निलंबित कर दिया है। मामले में विभागीय जांच जारी है। पहले भी इसी तरह की शिकायत सामने आई थी, लेकिन तब सीमित कार्रवाई हुई थी। अब देखना होगा कि जांच किस स्तर तक पहुंचती है।

भूपेश बघेल का दावा, भाजपा में शामिल होने का दबाव बनाया गया

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक पॉडकास्ट में बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि उन्हें दिल्ली बुलाकर भाजपा में शामिल होने के संकेत दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद जब उन्होंने कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई, तो कुछ दिनों में उनके करीबियों के यहां केंद्रीय एजेंसियों के छापे पड़ने लगे। बघेल के इस बयान से प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। हालांकि भाजपा की ओर से इस पर अभी आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

छत्तीसगढ़ में यूनिफॉर्म सिविल कोड पर चर्चा तेज

छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने कहा कि देश एक संविधान और एक कानून से चलना चाहिए। उन्होंने अलग-अलग समुदायों के लिए अलग कानून की जरूरत से इनकार किया। उनके बयान पर डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने समर्थन जताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी यूनिफॉर्म सिविल कोड लाने पर विचार किया जा सकता है। इस बयान के बाद राज्य में नई बहस शुरू हो गई है।

कांकेर में पूर्व माओवादियों को मिल रहा नया रास्ता

कांकेर जिले में स्थापित पुनर्वास केंद्र में आत्मसमर्पण कर चुके 40 पूर्व माओवादियों को व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें 19 महिलाएं शामिल हैं। उन्हें ड्राइविंग, सिलाई, बढ़ईगिरी और सहायक इलेक्ट्रीशियन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कुछ लोग बुनियादी शिक्षा भी ले रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार कई प्रशिक्षु प्रशिक्षण पूरा कर अपने गृह जिलों में लौट चुके हैं। सरकार का उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

इंस्टाग्राम रील में ईयरगन दिखाना पड़ा भारी, युवक गिरफ्तार

रायगढ़ में एक युवक को सोशल मीडिया पर ईयरगन के साथ रील पोस्ट करना महंगा पड़ गया। पुलिस ने दीदार अली नामक युवक को हिरासत में लिया है। वीडियो में वह सार्वजनिक स्थान पर हथियार जैसा दिखने वाला सामान लहराता नजर आ रहा था। पुलिस का कहना है कि इससे लोगों में डर का माहौल बन सकता है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की गई है।

भूमकाल रैली में बजा हिडमा के नाम का गीत, वीडियो सामने आने के बाद उठे सवाल

बस्तर में आयोजित भूमकाल स्मृति दिवस की रैली उस समय विवादों में आ गई, जब कार्यक्रम के दौरान हिडमा के नाम से जुड़ा एक गीत सार्वजनिक रूप से बजाया गया। रैली जगदलपुर शहर के अग्रसेन चौक से गुजर रही थी, तभी तेज आवाज में यह गीत चलाया गया। मौके पर पुलिस बल भी तैनात था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गीत के बोलों में “हमारे हक की जंग है हिडमा”, “दिल की बस्ती में हिडमा” और “हमारा झंडा तू ही हिडमा” जैसे शब्द शामिल थे। गीत में जन्म से लेकर मृत्यु तक की कहानी को भी हिडमा के नाम से जोड़ा गया था। जैसे ही गीत बजा, रैली में शामिल कई लोग तालियां बजाते और झूमते नजर आए। कुछ लोगों ने इसे अपने अधिकारों की अभिव्यक्ति बताया, तो वहीं अन्य लोगों ने इसे आपत्तिजनक करार दिया। घटना के दौरान पुलिस बल मौके पर मौजूद था। हालांकि, गीत बजाए जाने को लेकर तत्काल किसी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला चर्चा में है। भूमकाल स्मृति दिवस बस्तर के इतिहास से जुड़ा अहम दिन माना जाता है। ऐसे में इस तरह के गीत के सार्वजनिक मंच पर बजने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कई लोग इसे संवेदनशील मानते हुए प्रशासन की भूमिका पर चर्चा कर रहे हैं।

रायपुर में हेरोइन बेचते पुलिस आरक्षक गिरफ्तार

राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अपने ही विभाग के एक आरक्षक को गिरफ्तार किया है। हिमांशु बर्मन नामक आरक्षक को 1 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार वह ग्राहक की तलाश में था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। कमिश्नर सिस्टम लागू होने के बाद कार्रवाई तेज हुई है।

नकली दवा कारोबारी से साठगांठ पड़ी महंगी: एडिशनल ड्रग कंट्रोलर संजय नेताम सस्पेंड

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कड़े रुख के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एडिशनल ड्रग कंट्रोलर संजय नेताम को सस्पेंड कर दिया है। उन पर नकली दवा मामले के मुख्य आरोपी खेमराम बानी के साथ एक रेस्टोरेंट में गोपनीय मुलाकात करने और जांच की फाइलें साझा करने का गंभीर आरोप है। इस बैठक का वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने इसे पद की गरिमा के खिलाफ माना है। इसी मामले में मौके पर मौजूद खाद्य सुरक्षा अधिकारी राखी सिंह ठाकुर पर भी गाज गिरी है और उन्हें तत्काल प्रभाव से रायपुर से हटाकर जशपुर ट्रांसफर कर दिया गया है।

Also Read: CG School New Uniform: सरकारी स्कूलों के बच्चों को मिलेगी नई मॉडर्न यूनिफॉर्म: अब कॉन्वेंट की तर्ज पर दिखेगी नई यूनिफॉर्म, सरकार ने लिया बड़ा फैसला

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button