धमतरी जिले में प्रशासन की अनूठी पहल: “शासन आपके द्वार”- अब सरकारी सेवाएँ मिलेंगी घर के पास

धमतरी: जिला प्रशासन धमतरी ने ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों तक सरकारी सेवाएँ पहुँचाने के उद्देश्य से “शासन आपके द्वार” परियोजना की शुरुआत की है। शुक्रवार को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इस विशेष रथ को कलेक्टोरेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अब ग्रामीणों को नहीं जाना पड़ेगा मुख्यालय तक

डिप्टी कलेक्टर कल्पना ध्रुव ने बताया कि इस अभिनव पहल के माध्यम से अब ग्रामीणों को प्रमाण पत्र, पेंशन आवेदन, आधार अपडेट, किसान पंजीयन, राजस्व संबंधी सेवाएँ सहित 39 प्रमुख शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए शहर या ब्लॉक मुख्यालय तक आने की आवश्यकता नहीं होगी। इन सेवाओं को ग्राम पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए एक विशेष मोबाइल वैन को “शासन आपके द्वार” रथ के रूप में तैयार किया गया है, जो निर्धारित तिथियों पर विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुंचेगा।

रथ लेगा आवेदन और करेगा त्वरित निराकरण

यह विशेष वैन नागरिकों से आवेदन प्राप्त करेगी और उन्हें संबंधित विभागों तक भेजकर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करेगी।
जिस दिन यह रथ किसी ग्राम पंचायत में पहुंचेगा, उस दिन विभिन्न विभागों द्वारा शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके। रथ पर सभी विभागों की प्रमुख सेवाओं की सूची एवं संपर्क जानकारी प्रदर्शित रहेगी, जिससे ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी तत्काल मिल सकेगी।

“शासन आपके द्वार” से बढ़ेगी पारदर्शिता और जनसंपर्क

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि “शासन आपके द्वार” पहल से विभागों के बीच समन्वय बेहतर होगा और सेवा प्रदाय की गति एवं दक्षता में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की पहुँच को और मजबूत बनाएगी। “यह पहल न केवल सरकारी सेवाओं को आमजन के नजदीक लाएगी, बल्कि शासन की योजनाओं के प्रति जनजागरूकता भी बढ़ाएगी।” – कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

ग्रामीणों में उत्साह, प्रशासन की पहल पर सकारात्मक प्रतिक्रिया

परियोजना की शुरुआत के बाद ग्रामीणों में उत्साह देखा गया है। लोगों का मानना है कि इससे उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी और समय व धन दोनों की बचत होगी।अब देखना होगा कि जिला प्रशासन की यह पहली पहल कितनी कारगर साबित होती है और कितना बदलाव लाती है।

Also Read: VIDEO: गुरु घासीदास पर अभद्र टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सतनामी समाज की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button