CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें बालोद में 8 प्राचार्यों के सस्पेंशन पर बवाल, रायपुर रेंज में 1.89 करोड़ की गांजा तस्करी का खुलासा, भिलाई-रिसाली उपचुनाव रद्द, विधायक देवेंद्र यादव समेत 17 पर FIR, बीजापुर में नक्सली बंकर से हथियार बरामद, अवैध शराब पर जनप्रतिनिधियों का हंगामा, सांसद चिंतामणि महाराज ने अधिकारी को लगाई फटकार, 5 लाख की इनामी महिला नक्सली ने किया सरेंडर, कोरबा में सीईओ के खिलाफ धरना, सीमावर्ती फड़ों में वन विभाग की सख्ती समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे

बालोद में 8 प्राचार्यों के निलंबन पर बवाल, प्रशासन ने साधी चुप्पी

बालोद जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर की गई प्रशासनिक कार्रवाई अब विवाद का कारण बन गई है। जिले के 8 प्राचार्यों को निलंबित किए जाने के बाद प्रशासन खुद ही सवालों के घेरे में आ गया है। कलेक्टर दिव्या मिश्रा और जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी दोनों ने मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। जारी आदेश में 8 प्राचार्यों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और 14 शिक्षकों व प्राचार्यों की वेतन वृद्धि रोकने की बात कही गई थी। आरोप था कि शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरती गई। सोमवार को नाराज प्राचार्य कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां प्राचार्य संगठन ने जिला शिक्षा अधिकारी के खिलाफ नाराजगी जताई। संगठन के जिला संयोजक लोकेश कुमार साहू ने कहा कि यदि प्रशासन ने सकारात्मक फैसला नहीं लिया तो आंदोलन किया जाएगा। प्राचार्य एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी सवाल उठाए कि बिना जांच के कार्रवाई कैसे कर दी गई। उनका कहना है कि परीक्षा परिणामों का सही तरीके से अध्ययन किए बिना प्राचार्यों को जिम्मेदार ठहराया गया।

अवैध शराब बिक्री के खिलाफ जनप्रतिनिधियों का प्रदर्शन

मुंगेली जिले के जरहागांव नगर पंचायत में अवैध शराब बिक्री को लेकर माहौल गरमा गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष रुपाली वेदप्रकाश कश्यप समेत कई जनप्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि लंबे समय से इलाके में खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है, लेकिन पुलिस प्रभावी कदम नहीं उठा रही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आम लोगों को भी शराब बेचने की अनुमति दी जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध शराब के कारण सामाजिक माहौल खराब हो रहा है और महिलाएं व युवा परेशान हैं। पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई का भरोसा दिया है।

श्रम पंजीयन में लापरवाही पर सांसद नाराज

बलरामपुर जिले के डिपाडीह कला में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने श्रम विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। श्रम पंजीयन में लापरवाही और मजदूरों को योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिलने की शिकायतों के बाद सांसद ने मंच पर ही संबंधित अधिकारी को बुलाकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। सांसद ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए व्यवस्था सुधारने और पंजीयन प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।

कपड़ा फेरीवालों की आड़ में गांजा तस्करी का खुलासा

रायपुर रेंज पुलिस ने “ऑपरेशन निश्चय” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद जिलों में संयुक्त कार्रवाई कर 378 किलो से ज्यादा गांजा जब्त किया। तस्कर कपड़ा फेरीवाले बनकर मोटरसाइकिलों में खास तरीके से बनाए गए लोहे के कम्पार्टमेंट में गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 11 वाहन, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक गांजा ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था।

भिलाई और रिसाली निगम वार्डों के उपचुनाव रद्द

दुर्ग जिले के भिलाई और रिसाली नगर निगम के तीन वार्डों में होने वाले उपचुनाव रद्द कर दिए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने यह फैसला प्रशासनिक खर्च और कम अवधि को देखते हुए लिया। इन वार्डों में पार्षदों के निधन के बाद सीटें खाली हुई थीं। चुनाव प्रक्रिया शुरू होने वाली थी, लेकिन निगमों का कार्यकाल जनवरी 2027 में समाप्त होना है। ऐसे में केवल कुछ महीनों के लिए चुनाव कराने को लेकर आपत्ति जताई गई थी।

नक्सल संगठन को झटका, 5 लाख की इनामी महिला माओवादी ने किया सरेंडर

जगदलपुर से सामने आई खबर में एक महिला माओवादी ने आत्मसमर्पण किया है। पोडियम लक्ष्मी नाम की इस महिला पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। बताया गया कि वह लंबे समय से नक्सली संगठन से जुड़ी थी और छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश सीमा क्षेत्र में सक्रिय थी। सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर उसने आत्मसमर्पण किया। इसी बीच माओवादी संगठन की ओर से जारी एक पत्र भी चर्चा में है, जिसमें संगठन की कमजोर होती स्थिति और आंतरिक संकट का जिक्र किया गया है।

सीमावर्ती क्षेत्रों में वन विभाग की सख्ती अवैध तेंदूपत्ता कारोबार रोकने के लिए बढ़ाई निगरानी

बलरामपुर जिले में वन विभाग ने सीमावर्ती फड़ों का निरीक्षण कर अवैध तेंदूपत्ता कारोबार पर सख्ती बढ़ा दी है। वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल अच्छी गुणवत्ता वाले पत्तों का संग्रहण किया जाए। साथ ही मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश से होने वाले अवैध परिवहन पर नजर रखने को कहा गया। अस्थायी बैरियरों की भी जांच की गई और अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए।

जिला पंचायत सीईओ के खिलाफ धरने पर बैठे जनप्रतिनिधि

कोरबा जिला पंचायत में उस समय विवाद की स्थिति बन गई जब जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग बैठक में नहीं पहुंचे। इससे नाराज जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह और अन्य जनप्रतिनिधियों ने परिसर में धरना शुरू कर दिया। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि प्रशासन उनकी बातों को नजरअंदाज कर रहा है और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मंत्री लखनलाल देवांगन ने भी मामले को गंभीर बताते हुए कार्रवाई की बात कही है।

विधायक देवेंद्र यादव समेत 17 लोगों पर FIR

भिलाई विधायक देवेंद्र यादव समेत 17 लोगों के खिलाफ बेमेतरा जिले में एफआईआर दर्ज की गई है। मामला खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल के पुतले की शव यात्रा निकालने से जुड़ा है। मंत्री के बेटे ने शिकायत में कहा है कि इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और परिवार की छवि खराब हुई है। विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि वे गौवंश के मुद्दे पर आवाज उठाते रहेंगे और कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं।

बीजापुर में सुरक्षाबलों को मिला नक्सलियों का बंकर

बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सलियों का एक बंकर मिला है। यहां से बड़ी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और तकनीकी उपकरण बरामद किए गए हैं। बरामद सामान में बीजीएल लॉन्चर, गोले, कॉर्डेक्स वायर, सोलर प्लेट, जनरेटर और ड्रिलिंग मशीन शामिल हैं। सुरक्षाबलों का कहना है कि नक्सल विरोधी अभियान तेज होने के बाद लगातार ऐसे बंकर और हथियार भंडार सामने आ रहे हैं।

Also Read: India Petrol Diesel LPG Price Hike VIDEO: भारत में बढ़ सकती हैं पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की कीमतें : सूत्र, पीएम मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद संभावित बढ़ोतरी के संकेत

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button