
रायपुर: छत्तीसगढ़ में रेत कारोबारियों के लिए एक बड़ी खबर है। राज्य में आज से रेत खदानों की ई-नीलामी प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। पहले चरण में 150 रेत घाटों की नीलामी की जाएगी। राज्य सरकार ने इस पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह से डिजिटल और पारदर्शी बनाने के लिए एमएसटीसी (MSTC) के साथ करार किया है।
ऑनलाइन होगी नीलामी, रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
CG Ret khadan E Nilami: खनिज विभाग के अनुसार, रेत खदानों की यह नीलामी ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी। इससे बोली लगाने वाले कारोबारियों को घर बैठे आवेदन करने और नीलामी प्रक्रिया में शामिल होने की सुविधा मिलेगी। इस प्रक्रिया में शामिल होने के इच्छुक रेत कारोबारियों को संबंधित पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा।

- एनआईटी जारी: आज से जिलेवार एनआईटी (नोटिस इन्वाइट टेंडर) जारी किया जाएगा।
- प्रशिक्षण: गुरुवार को नवा रायपुर स्थित सत्य साईं हॉस्पिटल के ऑडिटोरियम में खनिज विभाग के अधिकारियों और बोलीकर्ताओं को एमएसटीसी के अधिकारियों ने ई-नीलामी प्रक्रिया का विस्तृत प्रशिक्षण भी दिया।

15 अक्टूबर से शुरू होगी नई व्यवस्था
खनिज विभाग ने बताया कि 15 अक्टूबर से राज्य में नई व्यवस्था के तहत रेत घाटों का संचालन शुरू होगा। इस नई डिजिटल प्रणाली से पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बढ़ने की उम्मीद है। तब तक रेत घाटों पर खनन पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। यह कदम रेत के अवैध उत्खनन पर नियंत्रण लगाने में सहायक माना जा रहा है।



