
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। रतनपुर क्षेत्र के सांधी पारा में एक खड़े ट्रेलर में अचानक आग लग जाने से केबिन के भीतर सो रहे 3 साल के बच्चे की जलकर मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान अनमोल यादव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, ट्रेलर (CG10 BJ 9291) का ड्राइवर संजय यादव अपने बेटे अनमोल को केबिन की सीट पर सुलाकर पास ही किसी काम से गया था। इसी बीच अचानक इंजन के पास से लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते पूरी केबिन आग के गोले में तब्दील हो गई। मासूम को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
इंजन से शुरू हुई थी चिंगारी: पुलिस ने शुरू की तकनीकी पहलुओं की जांच
प्राथमिक तौर पर इस भीषण आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। चश्मदीदों के अनुसार, ट्रेलर खड़ा था और अचानक इंजन वाले हिस्से से धुआं उठने लगा। जब तक लोग कुछ समझ पाते और आग बुझाने की कोशिश करते, लपटों ने केबिन को चारों तरफ से घेर लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। फोरेंसिक टीम और मैकेनिकल एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है ताकि यह साफ हो सके कि बैटरी या वायरिंग में ऐसी क्या खराबी आई जिससे इतनी भीषण आग लग गई। पुलिस इस एंगल पर भी गौर कर रही है कि क्या वाहन में कोई ज्वलनशील पदार्थ मौजूद था जिससे आग इतनी तेजी से फैली।
Also Read: Video: मुख्यमंत्री निवास के पास दुकान में लगी भीषण आग लगने से मचा हड़कंप



