
धमतरी: चौकी बिरेझर और थाना कुरूद पुलिस ने नाबालिग बालक के अपहरण एवं मारपीट के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में मोतीलाल बघेल उर्फ बल्ला (24 वर्ष) और सागर कुमार बघेल (20 वर्ष) शामिल हैं, जो दोनों ग्राम पटेवा, जिला रायपुर के निवासी हैं।
अपहरण कर ले गए गांव, लोहे के चूड़ा से की मारपीट
7 अक्टूबर की रात्रि को आरोपियों ने ग्राम संकरी निवासी एक नाबालिग बालक का अपहरण किया। उन्होंने इको वाहन (क्रमांक CG04-QH-2857) का उपयोग कर उसे जबरन अपने गांव पटेवा ले जाया, जहां लोहे के चूड़ा से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। अगले दिन पीड़ित बालक को संकरी पुल के पास छोड़ दिया गया।

वाहन व हथियार बरामद, आरोपियों को जेल भेजा गया
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ग्राम गोजी क्षेत्र से दोनों आरोपियों को वाहन सहित गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त इको वाहन और लोहे का चूड़ा भी जब्त कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ख), 115(2), 137(2), 140(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। दोनों को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की तत्परता सराहनीय
चौकी बिरेझर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।



