VIDEO: रायपुर में SIR के फार्म के लिए महिला BLO से मारपीट, साड़ी खींचकर पीटा, वीडियो हुआ वायरल

SIR in Raipur : रायपुर के काली माता वार्ड में एक महिला ने बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) से मारपीट और गाली-गलौज की है। यह पूरी घटना मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान घटी। जानकारी के अनुसार, महिला बीएलओ से एसआईआर (SIR) फॉर्म घर पहुँचाने की मांग कर रही थी। फॉर्म मिलने में देरी होने पर महिला ने पहले गाली-गलौज की और फिर हाथापाई पर उतर आई। मारपीट के दौरान महिला ने बीएलओ की साड़ी भी खींच ली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

वीडियो बनाने वाले को भी पीटने दौड़ी आरोपी महिला

Viral Video: मारपीट की इस घटना का वीडियो जब किसी व्यक्ति ने बनाना शुरू किया, तो आरोपी महिला उस पर भी भड़क गई और वीडियो बनाने वाले को भी पीटने के लिए दौड़ी। इस घटना से बीएलओ अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने महिला के इस व्यवहार की कड़ी निंदा की है। फिलहाल, इस मामले में अब तक किसी भी तरह की औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है।

इससे पहले भी बीजेपी पार्षद ने BLO को दी थी धमकी

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान अधिकारियों से अभद्रता और मारपीट की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी रायपुर के महंत लक्ष्मी नारायण वार्ड में एक बीएलओ अधिकारी ने भाजपा पार्षद पर धमकी देने का आरोप लगाया था। उस पिछली घटना का भी वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें बीएलओ अधिकारी अपने सीनियर अधिकारी से फोन पर रोते हुए शिकायत करती नजर आई थीं।

पार्षद ने कांग्रेस बीएलए के साथ घूमने पर उठाया था सवाल

पिछली घटना के वायरल वीडियो में महिला बीएलओ अधिकारी ने आरोप लगाया था कि भाजपा पार्षद ने उनसे सवाल किया, “आप कांग्रेस के बीएलए के साथ क्यों घूम रही हैं, भाजपा बीएलए के साथ क्यों नहीं?” इसके बाद पार्षद ने उन्हें धमकी दी और कहा कि वह विधायक से इसकी शिकायत करेंगे। महिला अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया था कि पार्षद ने उन्हें फोन करके कहा, “तुम्हें तमीज नहीं है, मैं तुम्हारे खिलाफ रिपोर्ट करूँगा।”

BLO अधिकारियों की सुरक्षा और सम्मान पर उठे सवाल

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान लगातार सामने आ रहीं इन दो घटनाओं के बाद बीएलओ अधिकारियों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ये अधिकारी मतदाता सूची को अपडेट करने जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्य में जुटे होते हैं, ऐसे में उनके साथ इस तरह का दुर्व्यवहार लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने जैसा है।

Also Read: पूर्व CM भूपेश बघेल के करीबी तांत्रिक का बड़ा खुलासा: हवाला से ऑस्ट्रेलिया-चीन में निवेश, खातों में मिला 441 करोड़ का लेन-देन…

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button