
CG Call Girl Fraud: ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीके अब मासूम लोगों को जाल में फंसा रहे हैं। ताज़ा मामला रायपुर के खमतराई इलाके का है, जहां एक युवक को कॉलगर्ल बुकिंग और अश्लील मैसेज के बहाने ब्लैकमेल कर 91 हजार रुपए की ठगी कर ली गई। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
“तुमने कॉलगर्ल बुक की है…” — नहीं की, फिर भी धमकी मिली
मामले की शुरुआत रात क़रीब 11 बजे हुई, जब संन्यासीपारा निवासी अंकुश सिंह को एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एस्कॉर्ट सर्विस का एजेंट बताया और कहा कि अंकुश ने कॉलगर्ल बुक की है।
अंकुश ने इस बात से साफ़ इनकार किया, लेकिन इसके बाद भी आरोपी लगातार उसे कॉल करता रहा और कॉलगर्ल से बातचीत की रिकॉर्डिंग भेजने व पुलिस कार्रवाई की धमकी देने लगा।
फर्जी पेमेंट मैसेज भेजकर शुरू किया खेल
इसके बाद अंकुश के पास एक दूसरे नंबर से एक मैसेज आया, जिसमें लिखा था कि उसके बैंक खाते में 13,000 रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। यह पैसा कथित तौर पर लड़कियों को देने के लिए भेजा गया बताया गया।
यहीं से शुरू हुई असली ठगी। आरोपी ने कहा कि यह रकम ग़लती से तुम्हारे अकाउंट में आई है, अब तुम फँस चुके हो — अगर मामला छिपाना है तो पैसे वापस करो।
डर के मारे कर दिए 11 ट्रांजेक्शन, फिर भी नहीं रुके आरोपी
ब्लैकमेलिंग की धमकी से घबराकर अंकुश ने आरोपी के बताए बैंक खातों में 11 बार में कुल 91,000 रुपये जमा कर दिए। लेकिन इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका। उसने और पैसे की मांग शुरू कर दी।
जब ब्लैकमेलिंग थमने का नाम नहीं ले रही थी, तब जाकर अंकुश ने खमतराई थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।
पुलिस कर रही जांच, ठगों की पहचान में जुटी
खमतराई पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस कॉल रिकॉर्ड, बैंक ट्रांजेक्शन और मैसेज डिटेल के आधार पर ठगों की पहचान करने में जुटी है।
अगर आपके पास इस तरह के कॉल या मैसेज आएं तो घबराएं नहीं। किसी भी अनजान अकाउंट में पैसे ट्रांसफर न करें और तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
ऑनलाइन शर्मिंदगी से डरिए मत, ठगी से लड़िए।



