
अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता अमरजीत भगत ने सीतापुर के भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो पर तंज कसते हुए उन्हें ‘उछल-कूद करने वाला बंदर’ कह डाला। भगत ने उन पर क्षेत्र का विकास न करने का आरोप भी लगाया। कांग्रेस नेता के इस तीखे बयान पर भाजपा विधायक टोप्पो ने सधा हुआ पलटवार किया है।
कांग्रेस नेता बोले: ‘टोप्पो गलती से जीत गया’
दरअसल, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत 16 अक्टूबर को कांग्रेस के एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कार्यक्रम के सिलसिले में मैनपाट पहुँचे थे। आम सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो पर तंज कसना शुरू किया।
- भगत का तंज: उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक टोप्पो बंदर की तरह उछल-कूद करते हैं। वह कभी नान चाकू चलाते हैं तो कभी पुलिया के ऊपर से कूदते हैं। उन्होंने टोप्पो को सलाह दी कि बंदर जैसा कूदने से कुछ नहीं होता, समस्या सुनिए और हल कीजिए।
- अमरजीत भगत यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि रामकुमार टोप्पो गलती से जीत गया है, इसे राजनीति नहीं आती है।
भाजपा विधायक का पलटवार: ‘मैं नेता नहीं, जनता का बेटा हूँ’
कांग्रेस नेता अमरजीत भगत के इस ‘बिगड़े बोल’ पर भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो ने संयमित जवाब दिया।
- टोप्पो का जवाब: उन्होंने कहा कि मैं नेता नहीं हूँ, मैं तो क्षेत्र की जनता का बेटा और युवा हूँ।
- उन्होंने आगे कहा, “मैं इसलिए ही दौड़-धूप करते हुए क्षेत्र की जनता की सेवा कर रहा हूँ और आगे भी ऐसा ही करता रहूँगा।”
इस जुबानी वार-पलटवार से अंबिकापुर की राजनीति में गर्मी आ गई है।



