
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक मंडल अध्यक्ष पर छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद पार्टी ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल पद से हटा दिया है। पुलिस ने भी इस मामले में अपनी जाँच शुरू कर दी है।

अनुशासनहीनता पर पार्टी की तत्काल कार्रवाई
विधानसभा सिहावा के अंतर्गत आने वाले बेलरगांव भाजपा मंडल के अध्यक्ष मनोहर मानिकपुरी को पदमुक्त किया गया है। यह निर्णय प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय के मार्गदर्शन में लिया गया। मनोहर मानिकपुरी को दिसंबर में ही मंडल अध्यक्ष का पद सौंपा गया था।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, मंडल अध्यक्ष पर लगे छेड़छाड़ के आरोपों के कारण संगठन की छवि धूमिल हो रही थी। भाजपा ने अपने सिद्धांतों, मर्यादा और अनुशासन का हवाला देते हुए यह कार्रवाई की है, जिससे कार्यकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।
“संगठन की मर्यादा सर्वोपरि” – भाजपा जिला अध्यक्ष
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस ने प्रेस से चर्चा करते हुए स्पष्ट किया कि पार्टी की छवि और अनुशासन सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति संगठन की मर्यादा से बाहर जाकर आचरण करता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल और निष्पक्ष कार्यवाही की जाती है।
बैस ने जोर देकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी भी परिस्थिति में अनुशासनहीनता या संगठन की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाले आचरण को बर्दाश्त नहीं करती। उन्होंने कहा कि भाजपा में व्यक्ति से बड़ा संगठन होता है, और संगठन की मर्यादा बनाए रखना हर कार्यकर्ता का पहला कर्तव्य है। पार्टी सदैव पारदर्शिता और सख्त संगठनात्मक अनुशासन की पक्षधर रही है।
Also Read: Video: राहुल टिकरिहा पर लगे छेड़छाड़ के आरोप पर नया खुलासा, सतनामी समाज ने आंदोलन रद्द किया



