
दुर्ग: Durg News: स्कूल शिक्षा विभाग ने दुर्ग शिक्षा संभाग के संयुक्त संचालक हेमंत उपध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सरगुजा में पोस्टिंग के दौरान उनके कार्यों में गंभीर अनियमितताएं और अनुशासनहीनता पाई गई थीं। आदेश में कहा गया है कि उपध्याय का आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के खिलाफ है।
DPI में अटैच
निलंबन आदेश के बाद हेमंत उपध्याय को निदेशालय (डीपीआई) में अटैच कर दिया गया है। यह पहला मौका नहीं है जब उपध्याय को सस्पेंड किया गया हो। इससे पहले भी वे सहायक शिक्षकों के प्रमोशन और शिक्षकों के ट्रांसफर प्रकरण में सस्पेंड होकर लंबे समय तक डीपीआई में अटैच रहे थे। सरकार बदलने के बाद उन्हें फिर से जेडी (संयुक्त संचालक) का पदभार दिया गया था।
मंत्री गजेंद्र यादव की पहली कार्रवाई
स्कूल शिक्षा मंत्री पद की शपथ लेने के बाद गजेंद्र यादव की यह पहली बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई है। दुर्ग से विधायक और अब मंत्री बने यादव ने विभागीय सख्ती का संकेत देते हुए इस आदेश पर तत्काल हस्ताक्षर किए। साथ ही, डीपीआई में पदस्थ डिप्टी डायरेक्टर आर.एल. ठाकुर को दुर्ग संभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल
हेमंत उपध्याय लंबे समय से राजनीतिक पहुंच वाले अधिकारी माने जाते रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ हुई यह कार्रवाई न केवल विभागीय हलचल पैदा कर रही है, बल्कि राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बनी हुई है। माना जा रहा है कि यह फैसला मंत्री गजेंद्र यादव की सख्त कार्यशैली और पारदर्शी प्रशासनिक रवैये का संकेत है।



