
Balrampur News: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से शिक्षक की क्रूरता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रामचंद्रपुर विकासखंड के प्राथमिक शाला जावाखाड़ी में दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले 7 वर्षीय छात्र भागीरथी यादव के साथ शिक्षक ने बेरहमी से मारपीट की। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को भोजन अवकाश के बाद शिक्षक उदय यादव कक्षा में पहुँचे और छात्र भागीरथी को गिनती सुनाने को कहा। गिनती में गलती होते ही शिक्षक गुस्से में आ गए और मासूम के चेहरे पर लगातार थप्पड़ बरसाने लगे, जिससे छात्र की आँख में खून उतर आया और चेहरा बुरी तरह सूज गया।
अक्सर नशे में स्कूल आते हैं शिक्षक
पीड़ित छात्र के पिता, धनंजय यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षक उदय यादव अक्सर नशे की हालत में स्कूल आते हैं, और घटना के समय भी वह नशे में धुत थे। बच्चे की हालत देखने के बाद परिजन तुरंत त्रिकुंडा थाना पहुँचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कराया। इस घटना से पूरे गाँव में शिक्षक के प्रति भारी आक्रोश है।

आरोपी शिक्षक पर मामला दर्ज, जाँच जारी
त्रिकुंडा थाना प्रभारी जवाहर तिर्की ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की और बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस और शिक्षा विभाग की टीमें घटना की जाँच में जुट गई हैं। ग्रामीणों ने दोषी शिक्षक को तत्काल बर्खास्त करने की मांग करते हुए कहा है कि विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा के लिए कड़ी निगरानी की जानी बहुत ज़रूरी है।
दोषी पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई
विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) विजय कुशवाहा ने मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिलने पर जाँच के निर्देश दिए हैं। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) मनीराम यादव ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि, “जाँच में दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ तत्काल एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी।” शिक्षा विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



