
छत्तीसगढ़ के श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन का काफिला कोरबा में नेशनल हाईवे-130 पर धुईचुआ गांव के पास सड़क हादसे का शिकार हो गया। मंत्री के काफिले के आगे चल रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में मंत्री बाल-बाल बच गए, क्योंकि जिस वाहन में वह सवार थे, उसके चालक ने समय रहते गाड़ी नियंत्रित कर ली। यह पूरा मामला पाली थाना क्षेत्र का है, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
अचानक बाइक सवारों के आने से हुआ हादसा
यह हादसा तब हुआ, जब मंत्री का काफिला कोरबा से रायपुर के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में अचानक तीन बाइक सवार युवक काफिले के सामने आ गए। इन बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में आगे चल रही स्कॉर्पियो के चालक ने तेजी से ब्रेक लगाया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। काफिले के बाकी वाहन भी समय पर रुक गए, जिसके कारण कोई बड़ा हादसा टल गया।

हादसे में तीन जवान और ड्राइवर हुए घायल
स्कॉर्पियो पलटने से तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। घायलों की पहचान एएसआई दिलीप कुमार शुक्ला, प्रधान आरक्षक आर. विनीत तिर्की और स्कॉर्पियो चालक के रूप में हुई है। कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने पुष्टि की है कि बाइक सवार आने से बचाने के फेर में सामने चल रहा वाहन पलट गया। हादसे के तुरंत बाद बाइक सवार तीनों युवक मौके से फरार हो गए।
पाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी जितेंद्र यादव अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायल जवानों तथा ड्राइवर को तत्काल इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रवाना किया। पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी ली और मंत्री तथा अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की।
मामला दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने इस दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। काफिले के सामने अचानक बाइक सवारों के आने और उनके भाग जाने की घटना को लेकर पुलिस जांच कर रही है। गनीमत रही कि मंत्री लखनलाल देवांगन जिस वाहन में थे, उसका चालक गाड़ी को नियंत्रित करने में सफल रहा, जिससे मंत्री और उनके साथ सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।



