धमतरी में 2021 के दोहरे हत्याकांड में आरोपी को मिली राहत, हाईकोर्ट ने मानसिक रूप से अस्वस्थ मानते हुए किया बरी

धमतरी: Dhamtari Crime News: धमतरी में 2021 में करेली बड़ी क्षेत्र अंतगर्त ग्राम चन्दना में हुए एक दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड के मामले में आरोपी बेटे महेश कुमार वर्मा को हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने माना कि घटना के वक्त आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ था, इसलिए उसे हत्या के गंभीर आरोपों से बरी कर दिया गया है। यह पूरा मामला धमतरी जिले के करेलीबाड़ी क्षेत्र का है।

अपने ही पिता और दादी की हत्या, मानसिक अस्थिरता बनी वजह

Dhamtari Double Murder Case: अप्रैल 2021 में महेश ने अपने पिता पन्नालाल वर्मा और दादी त्रिवेणी वर्मा की बेरहमी से हत्या कर दी थी। बताया गया कि घटना के वक्त वह कमरे में बंद था और जब उसे प्यास लगी तो बाहर निकलते ही वह खुद को हनुमानजी, बजरंगबली और दुर्गा बताने लगा और हिंसक हो गया। उसकी मां ने अदालत में गवाही दी कि बेटा मानसिक रूप से ठीक नहीं था और वह रायपुर के मानसिक चिकित्सालय में डेढ़ साल से इलाज ले रहा था।

पुलिस ने नहीं करवाई मानसिक जांच, हाईकोर्ट ने जताई नाराजगी

CG High Court: हाईकोर्ट की सुनवाई में यह बात सामने आई कि पुलिस ने आरोपी की मानसिक स्थिति की कोई जांच नहीं करवाई, न ही उसके इलाज से जुड़े दस्तावेज कोर्ट में पेश किए। हालांकि परिजनों की गवाही, आरोपी के व्यवहार और पुराने इलाज के रिकॉर्ड से यह साफ हो गया कि आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी।

कोर्ट ने कहा कि जब कोई व्यक्ति अपने किए गए कृत्य की प्रकृति और उसकी गलतियों को समझने की स्थिति में न हो, तो उसे अपराध के लिए दोषी नहीं ठहराया जा सकता। यह बात भारतीय दंड संहिता की धारा 22 (पूर्व में धारा 84 IPC) के तहत स्पष्ट है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला, संदेह का लाभ आरोपी को

हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने सुप्रीम कोर्ट के कई पुराने फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष यह साबित नहीं कर पाया कि महेश घटना के वक्त पूरी तरह मानसिक रूप से स्थिर था। ऐसे में आरोपी को “संदेह का लाभ” देते हुए कोर्ट ने हत्या के आरोपों से बरी कर दिया।

जेल से रिहा, कोर्ट में मुचलका भरने के आदेश

कोर्ट ने महेश कुमार वर्मा को जेल से रिहा करने का आदेश दिया है और उसे ₹25,000 का निजी मुचलका भरने को कहा गया है। इस फैसले के बाद अब यह मामला कानूनी रूप से बंद हो गया है, लेकिन यह जरूर सवाल छोड़ता है कि अगर मानसिक बीमारी का समय रहते इलाज होता, तो शायद दो जिंदगियां बच सकती थीं।

Also Read: बेहद क्रूर: धमतरी में भाई को मौत की धमकी पर युवक ने पत्थर से कुचलकर की जघन्य हत्या, आरोपी गिरफ्तार

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button