
Bihar Assembly Elections Exit Polls: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मतगणना के शुरुआती रुझानों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को जबरदस्त बहुमत मिलता हुआ दिख रहा है। शुरुआती दो घंटे के रुझानों में बीजेपी नेतृत्व वाला NDA 190 सीटों पर बड़ी बढ़त बनाए हुए है, जबकि राजद नेतृत्व वाला महागठबंधन केवल 55 सीटों पर आगे चल रहा है। यदि ये शुरुआती रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो NDA शानदार वापसी करेगी और नीतीश कुमार एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री बन सकते हैं।
सभी 243 सीटों के रुझान सामने, JDU बनी सबसे बड़ी पार्टी
बिहार विधानसभा की सभी 243 सीटों के रुझान अब सामने आ चुके हैं। इन रुझानों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) (JDU) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है, हालांकि सहयोगी बीजेपी (BJP) से उसे कड़ी टक्कर मिल रही है। JDU 84 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि बीजेपी 80 सीटों पर आगे चल रही है। NDA की सहयोगी लोजपा (LJP) 22 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
महागठबंधन की स्थिति खराब, कांग्रेस औंधे मुंह गिरी
शुरुआती रुझानों में महागठबंधन की स्थिति काफी खराब दिखाई दे रही है। महागठबंधन की मुख्य पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) 37 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, राजद की सहयोगी पार्टी कांग्रेस (Congress) को भारी झटका लगा है और वह केवल 8 सीटों पर ही बढ़त बनाए हुए है। रुझान साफ संकेत दे रहे हैं कि महागठबंन बहुमत के आंकड़े से बहुत दूर है।
चुनाव आयोग के शुरुआती रुझान (सुबह 9:45 बजे तक)
चुनाव आयोग द्वारा सुबह 9:45 बजे तक जारी किए गए रुझानों के मुताबिक, सीटों का विवरण इस प्रकार है: जेडीयू- 39, बीजेपी- 36, आरजेडी- 23, लोजपा (रा)- 10, कांग्रेस- 6, हम- 2, वीआईपी- 1, AIMIM- 1, CPI (M)- 1, CPI (ML)- 1 और TPLRSP- 1 सीटों पर आगे हैं। ये रुझान आगे आने वाले अंतिम परिणामों की दिशा तय कर रहे हैं।
बड़े चेहरों का चुनावी हाल
बड़े राजनीतिक चेहरों के रुझान भी सामने आ गए हैं। तारापुर से BJP के सम्राट चौधरी आगे चल रहे हैं, जबकि लखीसराय से BJP के विजय सिन्हा भी बढ़त बनाए हुए हैं। महागठबंधन की ओर से राघोपुर से तेजस्वी यादव आगे हैं, और छपरा से RJD के खेसारी लाल भी बढ़त बनाए हुए हैं। हालांकि, महुआ से तेजप्रताप अभी पीछे चल रहे हैं, जबकि बेलागंज से JDU की मनोरमा देवी आगे हैं।



