
India Heatwave Record: पूरा उत्तर और मध्य भारत इस समय भीषण गर्मी और जानलेवा लू की चपेट में है। वैश्विक मौसम एजेंसी एक्यूआई वेदर (AQI Weather) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों ने देशवासियों को चौंका दिया है। शुक्रवार दोपहर 3 बजे रिकॉर्ड किए गए आंकड़ों के अनुसार, दुनिया के 22 सबसे गर्म शहरों की सूची में सभी के सभी शहर भारत के हैं। इन सभी स्थानों पर पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया है। इस वैश्विक सूची में अकेले उत्तर प्रदेश के 13 शहर शामिल हैं, जबकि ओडिशा का बोलांगीर और बिहार का सासाराम सबसे झुलसाने वाले इलाके रहे। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, देश को अगले तीन दिनों तक इस भीषण तपिश से राहत मिलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है।
रात में भी नहीं मिल रही चैन की सांस, 35 शहरों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस बार की गर्मी केवल दिन में ही नहीं, बल्कि रात में भी लोगों को बुरी तरह प्रताड़ित कर रही है। देश के करीब 35 बड़े शहरों में गुरुवार की रात का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया, जिसके कारण सूरज ढलने के बाद भी गर्म हवाएं (वॉर्म नाइट्स) चलती रहीं। हालात को देखते हुए बिहार सरकार ने पटना और गयाजी में पांचवीं कक्षा तक के सभी स्कूलों को 22 मई से 26 मई तक पूरी तरह बंद रखने का आदेश दिया है। वहीं, राज्य के मधेपुरा और सहरसा जिलों में गुरुवार को अचानक बदले मौसम के बीच आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की असमय मौत हो गई।

पंजाब सरकार ने बदला दफ्तरों और स्कूलों का समय, सुबह 7:30 बजे से शुरू होगा काम
चिलचिलाती धूप और दोपहर के समय बढ़ती तपिश को देखते हुए पंजाब सरकार ने एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। सरकारी कर्मचारियों और स्कूली बच्चों को लू के थपेड़ों से बचाने के लिए दफ्तरों और स्कूलों के समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। नए आदेश के मुताबिक, अब राज्य के सभी सरकारी कार्यालय और स्कूल सुबह साढ़े 7 बजे खुल जाएंगे और दोपहर 1:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे। प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से लोग दोपहर की तीव्र धूप और हीटवेव के चरम समय से पहले सुरक्षित अपने घरों को लौट सकेंगे।
23 मई का मौसम: राजस्थान में गंभीर लू का अलर्ट, पूर्वोत्तर और दक्षिण में भारी बारिश
मौसम विभाग ने 23 मई को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए दोहरा पूर्वानुमान जारी किया है। एक तरफ जहां राजस्थान में ‘गंभीर हीटवेव’ (Severe Heatwave) का अलर्ट जारी किया गया है और वहां रातें भी बेहद गर्म रहने वाली हैं। इसके साथ ही छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के मैदानी इलाकों में तेज लू चलेगी। इसके विपरीत, दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे असम, मेघालय, केरल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई हिस्सों में मानसून पूर्व की भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
24 मई की चेतावनी: दिल्ली-यूपी सहित 10 राज्यों में तपेगी धरती, आंध्र-झारखंड में आंधी-तूफान
आगामी 24 मई को भी देश के बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज बेहद आक्रामक रहने वाला है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, राजस्थान और तेलंगाना में हीटवेव की स्थिति लगातार बनी रहेगी, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय इलाकों में उमस भरी गर्मी लोगों को बेहाल करेगी। दूसरी तरफ, मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और झारखंड में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज आंधी के साथ धूलभरे तूफान और गरज-चमक की गंभीर चेतावनी जारी की है।



