CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें मुंगेली में डायरिया का कहर, तखतपुर में छात्रसंघ जुलूस में मारपीट, नया रायपुर में स्टंटबाजों की पुलिस को खुली चुनौती, वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन, खैरागढ़ को मिली 611 करोड़ की सौगात, बालोद की लखपति दीदी दिल्ली में बनेंगी विशेष अतिथि, बिलासपुर में मेंटल हॉस्पिटल की बदहाली पर हाईकोर्ट सख्त, मंत्री के भतीजे पर पंप कर्मचारी से मारपीट का आरोप, गरियाबंद में कुकर बम विस्फोट की नक्सली साजिश नाकाम, किरंदुल के NMDC प्लांट में लगी भीषण आग समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

मुंगेली में दशगात्र भोज के बाद 74 लोग बीमार, डायरिया की पुष्टि

Mungeli Diarrhea Outbreak: मुंगेली जिले के नवागांव चीनू गांव में दशगात्र भोज के बाद ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने गांव में जांच अभियान चलाया। अब तक कुल 74 लोग बीमार पाए गए हैं, जिनमें 45 पुरुष, 16 महिलाएं और 13 बच्चे शामिल हैं। शुरुआती जांच में 10 मरीजों में डायरिया के लक्षण मिले हैं। प्रभावितों का इलाज जारी है और गांव में मेडिकल टीम तैनात की गई है।

तखतपुर: छात्र संघ के विजय जुलूस में मारपीट, एक छात्र घायल

Takhatpur Student Clash DJ Song: तखतपुर के स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल में छात्र संघ के विजय जुलूस के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर छात्रों में विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि एक छात्र का सिर फट गया। घटना के वक्त स्कूल का कोई भी स्टाफ जुलूस में मौजूद नहीं था। प्राचार्य ने बताया कि दोनों छात्रों के बीच सुलह करा दी गई है और लापरवाही के लिए स्टाफ को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है।

स्टंटबाजों की पुलिस को खुलेआम धमकी, 15 अगस्त को ‘मौत का खेल’

Raipur Biker Stunt 15 August Warning: नया रायपुर की सड़कों पर स्टंटबाजी के वीडियो फिर से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इस बार स्टंटबाजों ने 15 अगस्त को नया रायपुर में इकट्ठा होकर खतरनाक स्टंट करने का ऐलान किया है। एक इंस्टाग्राम यूजर ने “मैं हूं डॉन” गाने के साथ वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “मिलो 15 को NSR की पब्लिक, खेलते हैं मौत का खेल।” पुलिस के लिए यह खुली चुनौती बन चुकी है।

कांग्रेस का ऐलान: ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ आंदोलन तीन चरणों में

Congress Vote Theft Protest Plan: राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों के बाद कांग्रेस छत्तीसगढ़ में बड़े आंदोलन की तैयारी में है। 14 अगस्त से सभी जिला मुख्यालयों में कैंडल मार्च किया जाएगा। 22 अगस्त से 7 सितंबर तक राज्य स्तरीय रैलियों का आयोजन होगा। अंतिम चरण में 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक देशभर में पांच करोड़ लोगों से हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।

सीएम विष्णुदेव साय की 611 करोड़ की सौगात

Khairagarh CM Development Projects: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में 611.21 करोड़ रुपये के 71 विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 18 कार्यों का भूमिपूजन और 53 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। सीएम ने कहा कि पिछली सरकार ने केवल जिले का नामकरण किया, विकास पर ध्यान नहीं दिया। अब सड़कों से लेकर स्वास्थ्य सुविधाएं तक पूरी तरह से सुधारी जाएंगी।

दिल्ली के स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष अतिथि होंगी ‘लखपति दीदी’

Balod Lakhpati Didi Independence Guest: ग्राम गब्दी की खिलेश्वरी देवांगन 15 अगस्त को नई दिल्ली में होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष अतिथि होंगी। उन्होंने ‘बिहान योजना’ के तहत मुर्गीपालन और किराना दुकान शुरू कर लाखों की आय अर्जित की है। आज वह ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।

बिलासपुर: सेंदरी के मेंटल हॉस्पिटल में भारी अव्यवस्था, हाईकोर्ट ने जताई नाराजगी

Bilaspur Mental Hospital Mismanagement: हाईकोर्ट में पेश रिपोर्ट के मुताबिक छत्तीसगढ़ के एकमात्र मानसिक अस्पताल में डॉक्टर समय से नहीं आते और जरूरी जांच सुविधाएं नहीं हैं। कोर्ट ने स्वास्थ्य सचिव को अगली सुनवाई तक पूरी रिपोर्ट पेश करने को कहा है। मरीजों की देखभाल को लेकर गहरी चिंता जताई गई है\

15 अगस्त से पहले नक्सलियों की साजिश नाकाम

Naxal Cooker Bomb Plot Foiled: सिकासेर की पहाड़ियों में पुलिस और CRPF को सर्चिंग के दौरान 6 कुकर बम, बड़ी मात्रा में दवाइयां, मेडिकल किट और कलर प्रिंटर मिला है। अंदेशा है कि नक्सली स्वतंत्रता दिवस पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। सर्चिंग अभियान अब और तेज कर दिया गया है।

मंत्री के भतीजे पर पेट्रोल पंप कर्मी की पिटाई का आरोप, कांग्रेस ने उठाए सवाल

Minister’s Nephew Assaults Pump Staff: कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि एक मंत्री के भतीजे ने पेट्रोल पंप के सुपरवाइजर की लाठी और बेल्ट से पिटाई की। हालांकि तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन कांग्रेस का आरोप है कि मुख्य आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहा है। पीड़ित ने बताया कि मारपीट के दौरान उसका मोबाइल और पैसे भी छीन लिए गए, लेकिन FIR में लूट की धारा शामिल नहीं की गई है।

NMDC प्लांट में भीषण आग, कन्वेयर बेल्ट जलकर खाक

NMDC Kirandul Conveyor Fire Incident: दंतेवाड़ा के किरंदुल स्थित NMDC प्लांट में सोमवार देर रात N2 कन्वेयर बेल्ट में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 200 मीटर लंबी बेल्ट पूरी तरह जल गई। इस हादसे से कंपनी को करोड़ों रुपये के नुकसान का अंदेशा है। आग बुझाने में फायर ब्रिगेड को कई घंटे लगे। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

Also Read: CG Cabinet Expansion: छत्तीसगढ़ में कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं तेज, 15 अगस्त से पहले हो सकता है बदलाव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने की राज्यपाल से मुलाकात

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button