
रायपुर: प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और आम जनता को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 24 चिकित्सा अधिकारियों और 1 विशेषज्ञ चिकित्सक की संविदा नियुक्ति की गई है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर त्वरित निर्णय
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जानकारी दी कि इन डॉक्टरों की पदस्थापना राज्य के विभिन्न जिलों के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और जिला अस्पतालों में की गई है। उन्होंने कहा कि नई नियुक्तियाँ होने से स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और बेहतर इलाज सुनिश्चित होगा।
धमतरी में विशेषज्ञ चिकित्सक की पदस्थापना
जारी आदेश में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. विकास कुमार साहू को जिला अस्पताल धमतरी में पदस्थ किया गया है। उनके जुड़ने से जिले में विशेषज्ञ स्तरीय उपचार सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
चिकित्सा अधिकारियों की सूची
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) द्वारा संविदा नियुक्ति के आदेश में जिन चिकित्सा अधिकारियों को पदस्थ किया गया है उनमें शामिल हैं—
डॉ. आकाश नागदेव, डॉ. जयंती लाल दारियो, डॉ. प्रशांत सिंह, डॉ. विशाल पत्रे, डॉ. अदिति मारिया लाकर, डॉ. भाविका टंडन, डॉ. मेनका दांडेकर, डॉ. वर्षा कुमारी, डॉ. जयालक्ष्मी बिंझवार, डॉ. नीतू नन्द, डॉ. विनीता मिर्झा, डॉ. बी. दिव्यांशी, डॉ. निशा पैकरा, डॉ. अल्का कुजूर, डॉ. जॉन कुजूर, डॉ. संगीता कंवर, डॉ. हीना कश्यप, डॉ. शायल पटेल, डॉ. नीरज कुमार गंगराले, डॉ. प्रवीन कुमार, डॉ. आशुतोष, डॉ. दीप्ति जतवार, डॉ. दीपाली भूआर्य और डॉ. झरना रानी मारकोले।
हड़ताल और सरकार की सख्ती
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में NHM कर्मियों की हड़ताल जारी है। हाल ही में सरकार ने हड़ताली कर्मचारियों को काम पर लौटने का अल्टीमेटम दिया था। आदेश का पालन न करने पर 25 कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी गई। इसके विरोध में NHM कर्मियों ने सामूहिक इस्तीफा भी सौंपा है। बावजूद इसके उनकी हड़ताल जारी है।



