
Bihar Election Result 2025 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में प्रचंड जनादेश मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में भाजपा मुख्यालय से पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि “ये प्रचंड जीत, ये अटूट विश्वास… बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया।” पीएम मोदी ने कहा कि NDA के लोग जनता के सेवक हैं, और वे जनता का दिल चुरा कर बैठे हैं, इसीलिए आज बिहार ने फिर से NDA सरकार की वापसी सुनिश्चित की है।
लोकतंत्र पर हमला करने वालों को धूल चटाई
प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार की धरती को लोकतंत्र की जननी बताते हुए कहा कि “आज उसी धरती ने लोकतंत्र पर हमला करने वाली ताकतों को धूल चटाई है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार ने एक बार फिर दिखाया है कि ‘झूठ हारता है – जनविश्वास जीतता है’। पीएम मोदी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार ने डंके की चोट पर यह साफ कर दिया है कि “जमानत पर चल रहे लोगों का जनता साथ नहीं देगी।”
विकसित बिहार के लिए मतदान, तोड़े रिकॉर्ड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के लोगों ने विकसित और समृद्ध बिहार के लिए मतदान किया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान रिकॉर्ड वोटिंग का आग्रह किया था और बिहार के लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में सबसे ज्यादा युवाओं की संख्या है और उनकी इच्छाओं और सपनों ने जंगलराज वाले पुराने और सांप्रदायिक MY Formula को ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने बिहार के युवाओं का विशेष रूप से अभिनंदन किया।
जंगलराज की वापसी नहीं होगी, यह जीत वंशवाद के खिलाफ
पीएम मोदी ने कहा कि इस जीत के साथ NDA अब बिहार में 25 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार ने यह सुनिश्चित कर दिया है कि राज्य की महान भूमि पर फिर कभी जंगलराज की वापसी नहीं होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह जीत उन बहनों और बेटियों की है, जिन्होंने जंगलराज का आतंक झेला था, और उन नौजवानों की है, जिनका भविष्य आतंक के कारण बर्बाद किया गया। उन्होंने इस परिणाम को वंशवाद की राजनीति के खिलाफ विकासवाद की राजनीति को दिया गया जनादेश बताया।
देखिये वीडियो-
युवाओं ने SIR को किया सपोर्ट, मतदाता सूची शुद्धिकरण की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार चुनाव ने एक और महत्वपूर्ण बात सिद्ध की है। अब देश का मतदाता, खासकर युवा मतदाता, ‘मतदाता सूची के शुद्धिकरण’ को बहुत गंभीरता से लेता है। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के युवा ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण को जबरदस्त तरीके से सपोर्ट किया है। उन्होंने सभी दलों का दायित्व बताया कि वे मतदाता सूची के शुद्धिकरण के काम में उत्साह के साथ जुड़ें और शत-प्रतिशत योगदान दें, ताकि बाकी जगहों पर भी यह काम पूरा हो सके।
Also Read: Sai Cabinet Meeting: छत्तीसगढ़ में साय कैबिनेट की बैठक में इन फैसलों पर लगी मुहर



