
रायपुर: Bageshwar Dham: बागेश्वर धाम सरकार के प्रमुख, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज, मध्यप्रदेश के मुरैना में कथा संपन्न होने के बाद छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुँचे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर महाराज का भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद पंडित शास्त्री कार से भारत माता चौक होते हुए गुढ़ियारी स्थित अवधपुरी मैदान में बनाए गए कथास्थल के लिए रवाना हुए।
शहरवासियों ने पुष्प वर्षा कर किया अभिनंदन
पंडित शास्त्री के काफिले का मार्ग में हजारों श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर भव्य स्वागत किया। वे रथ पर सवार होकर पहाड़ी चौक होते हुए शुक्रवारी बाजार पहुँचे, जहाँ व्यापारियों ने पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का काफिला गुढ़ियारी स्थित जगन्नाथ मंदिर और परशुराम चौक पहुँचा। रास्ते में श्रद्धालुओं ने अपने घरों के द्वार पर सुंदर रंगोलियाँ बनाकर उनका स्वागत किया। भक्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही थी, जो ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर नाचते हुए उनका स्वागत कर रहे थे।
हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर माँगा आशीर्वाद
जैसे ही पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का काफिला हनुमान मंदिर के पास पहुँचा, वे खुद को रोक नहीं पाए और रथ से उतरकर मंदिर परिसर पहुँचे। वहाँ उन्होंने हनुमंत महाराज की पूजा-अर्चना की और छत्तीसगढ़ के लोगों की खुशहाली की कामना करते हुए आशीर्वाद माँगा।
Also Read: दुर्ग पापड़ी विवाद: गोलगप्पे वाले पर चाकू से हमला, मामूली देरी पर मचा हड़कंप



