400 मीटर दौड़ में रामकरण निषाद अव्वल : राष्ट्रीय खेल दिवस पर धमतरी में खेल महोत्सव का आगाज़

Dhamtari Sports Festival: धमतरी जिले में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय खेल महोत्सव का आयोजन हुआ। आमातालाब स्थित इनडोर स्टेडियम में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस मौके पर खिलाड़ियों, शिक्षकों, खेल संघ के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया। सभी ने फिट इंडिया शपथ भी ली। इस खेल महोत्सव में आयोजित 400 मीटर दौड़ में रामकरण निषाद मेघा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वतंत्रता सेनानी गौरव ग्राम मेघा का नाम रौशन किया।

107 राज्य और राष्ट्रीय खिलाड़ियों का सम्मान

Athletes Recognition: तीन दिवसीय खेल महोत्सव में जिले के 107 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। कलेक्टर और प्रभारी जिला खेल अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार दिए गए।

400 मीटर दौड़ में रामकरण निषाद ने मारी बाजी

Athlete Ramkaran Nishad: खेल प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और टेबल टेनिस की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। एथलेटिक्स अंडर 20 वर्ष वर्ग में 400 मीटर दौड़ में गौरव ग्राम मेघा के युवा खिलाड़ी रामकरण निषाद पिता गणेश निषाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।

22वीं जूनियर राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में में करेंगे मुकाबला

युवा एथलीट रामकरण निषाद निरंतर अभ्यास के दम पर अब तक कई प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। वे आगामी 22वीं जूनियर राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2025 में हिस्सा लेने के लिए 5 सितंबर को बिलासपुर रवाना हो चुके हैं। यह प्रतियोगिता 5 से 7 सितंबर तक बहतराई एथलेटिक्स स्टेडियम, बिलासपुर में छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स संघ द्वारा AFI के नियमों के तहत आयोजित की जाएगी। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों और विभिन्न इकाइयों से करीब 1800 खिलाड़ी, तकनीकी अधिकारी, प्रशिक्षक, प्रबंधक और आयोजक भाग लेंगे। प्रतियोगिता में अंडर-14, 16, 18, 20 और 23 आयु वर्ग के बालक व बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

अनुशासन और परिश्रम की पहचान है खेल

Dhamtari News: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ओंकार साहू ने कहा कि मेजर ध्यानचंद अनुशासन और परिश्रम के प्रतीक हैं। खेल केवल जीत-हार नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का माध्यम हैं। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी की धरती खिलाड़ियों के सम्मान के लिए हमेशा आगे रही है और नगर निगम खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
पूर्व विधायक रंजना साहू ने कहा कि खेल आत्मविश्वास और संघर्ष की शक्ति देते हैं, खासकर बालिकाओं को इसमें आगे बढ़ना चाहिए। वहीं, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद ने कहा कि जिले की खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए ग्रामीण अंचलों तक सुविधाएं पहुंचानी होंगी।

शहर की सड़कों पर उत्साह

खेल महोत्सव के दौरान रविवार को “संडे ऑन सायकल” कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। यह रैली इनडोर स्टेडियम से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस स्टेडियम में समाप्त हुई। बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने इसमें भाग लिया।

विजेताओं का सम्मान और आभार

समापन समारोह में मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा और अन्य जनप्रतिनिधियों ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। जिला खेल अधिकारी पीयूष तिवारी ने कहा कि खेलों का महत्व केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन में सफलता की कुंजी है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह आयोजन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।
कार्यक्रम का संचालन राजकुमार सिन्हा ने किया और अंत में प्रभारी सहायक खेल अधिकारी जे.पी. देव ने सभी अतिथियों और विभागों का आभार व्यक्त किया।

Also Read: Ganesh Utsav 2025: धमतरी में 1964 से सज रही गणेश झांकी, इस बार खाटू श्याम दरबार की थीम

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button