CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें नियमितीकरण की मांग पर विद्युत संविदा कर्मचारियों का उग्र आंदोलन,सुकमा में 29 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, अवैध धान पर सरकार की बड़ी कार्रवाई, गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में छात्र आक्रोश ,राजधानी में बढ़ते अपराधों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन ,खुले आसमान के नीचे सड़ रहा हजारों क्विंटल धान , ज्वेलरी लूट के बाद सर्राफा एसोसिएशन का सख्त फैसला ,बलौदाबाजार आगजनी कांड में बड़ी गिरफ्तारी , आवारा कुत्तों का आतंक, 10 लोग घायल, समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
नियमितीकरण की मांग पर विद्युत संविदा कर्मचारियों का उग्र आंदोलन ,तीन दिन का सांकेतिक काम बंद, अब अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
Power Contract Employees : छत्तीसगढ़ विद्युत संविदा कर्मचारी संघ ने नियमितीकरण की लंबित मांगों और प्रबंधन की कथित वादाखिलाफी के खिलाफ 12 से 14 जनवरी तक तीन दिवसीय सांकेतिक काम बंद कर विरोध दर्ज कराया। संघ का कहना है कि समान पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को पूर्व में नियमित किया गया, लेकिन वर्तमान संविदा कर्मियों को इससे वंचित रखना समानता के अधिकार का उल्लंघन है। संघ ने बताया कि श्रम न्यायालय में सहमति के बावजूद निर्णय नहीं लिया गया, जबकि जोखिम भरे कार्यों में अब तक कई कर्मचारियों की जान जा चुकी है। मांगें नहीं मानी गईं तो अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
सुकमा में 29 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण ,मुख्यमंत्री बोले – यह शांति, स्थिरता और भरोसे का प्रमाण
Naxal Surrender : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में केरलापाल एरिया कमेटी से जुड़े 29 नक्सलियों ने एक साथ हथियार डालकर आत्मसमर्पण किया। सभी ने एसपी किरण चवण के समक्ष सरेंडर किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे बस्तर में बहाल होती शांति और विश्वास का संकेत बताते हुए कहा कि सरकार हिंसा छोड़ने वालों को सम्मानजनक जीवन और सुरक्षित भविष्य देने के लिए प्रतिबद्ध है।
अवैध धान पर सरकार की बड़ी कार्रवाई ,चार जिलों में 30 हजार क्विंटल से अधिक धान और 86 वाहन जब्त
Illegal Paddy : छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। बलरामपुर, जशपुर, सक्ती और जांजगीर-चांपा में कार्रवाई कर 30,490 क्विंटल अवैध धान और 86 से अधिक वाहन जब्त किए गए। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि बिचौलियों और अवैध परिवहन पर यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में छात्र आक्रोश ,हॉस्टल मेस की बदहाल व्यवस्था पर कुलपति निवास का घेराव
University Protest: बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में छात्रों ने हॉस्टल मेस की खराब गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर देर रात कुलपति निवास का घेराव किया। हालिया चाकूबाजी की घटना से नाराज छात्रों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे आक्रोश बढ़ता गया।
कोरबा किसान आत्महत्या प्रयास मामले में बड़ा खुलासा ,प्रशासनिक जांच में धान खरीदी से जुड़ा आरोप गलत पाया गया
Suicide Attempt : कोरबा जिले में किसान द्वारा आत्महत्या की कोशिश के मामले में प्रशासनिक जांच में सामने आया कि घटना का कारण धान खरीदी नहीं था। जांच में पाया गया कि संबंधित भूमि पर धान की फसल ही नहीं थी और तबीयत बिगड़ने का कारण अत्यधिक शराब सेवन था। प्रशासन ने धान खरीदी में किसी भी अनियमितता से इनकार किया है।
राजधानी में बढ़ते अपराधों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, वैदिका सागर हत्या को लेकर आजाद चौक थाना घेराव
Thana Chalo : रायपुर में बढ़ते अपराधों और वैदिका सागर की नृशंस हत्या के विरोध में कांग्रेस ने थाना चलो अभियान के तहत आजाद चौक थाना का घेराव किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस अपराध नियंत्रण में विफल रही है और आगे भी हर गंभीर घटना पर संबंधित थानों के सामने प्रदर्शन किया जाएगा।
खुले आसमान के नीचे सड़ रहा हजारों क्विंटल धान ,जीपीएम जिले में कस्टम मिलिंग न होने से करोड़ों का नुकसान
Paddy Wastage : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में कस्टम मिलिंग के लिए समय पर उठाव न होने से करीब 8 हजार क्विंटल धान सड़कर खराब हो गया। 20 हजार से अधिक बोरियां खुले में पड़ी रहीं, जिससे सरकारी खजाने को करोड़ों की चपत लगी। मामले ने विपणन व्यवस्था और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ज्वेलरी लूट के बाद सर्राफा एसोसिएशन का सख्त फैसला ,हेलमेट और चेहरा ढंककर दुकानों में प्रवेश पर प्रतिबंध
Jewellers Security : नवापारा-राजिम लूटकांड के बाद छत्तीसगढ़ सर्राफा एसोसिएशन ने फैसला लिया है कि अब कोई भी व्यक्ति चेहरा ढंककर ज्वेलरी शॉप में प्रवेश नहीं कर सकेगा। एसोसिएशन ने सरकार और पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
बलौदाबाजार आगजनी कांड में बड़ी गिरफ्तारी ,छत्तीसगढ़ क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल गिरफ्तार
Arson Case : बलौदाबाजार कलेक्टर-एसपी कार्यालय आगजनी मामले में पुलिस ने छत्तीसगढ़ क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। बघेल ने गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश बताया, जबकि पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है। इस मामले में पहले ही सैकड़ों गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
आवारा कुत्तों का आतंक, 10 लोग घायल ,बालोद के दो गांवों में दहशत, बच्चों समेत घायलों का इलाज जारी
Stray Dog Attack : बालोद जिले के नारागांव और नर्रा गांव में आवारा कुत्तों ने एक ही दिन में 10 लोगों को काटकर घायल कर दिया। बच्चों समेत सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कुत्तों को पकड़ने और स्थायी समाधान की मांग की है।



