CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें आदिवासी जनसंख्या पर 5 बच्चों की अपील से सियासी संग्राम, रायपुर RTO रिश्वत कांड में गिरफ्तारी, फर्जी NOC पर ग्रामीणों का बवाल, IPL सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, हेडमास्टर प्रमोशन पर हाईकोर्ट स्टे, बस्तर में नक्सल कमांडर का सरेंडर, फैक्ट्री गैस लीक कांड, खनन माफिया पर 600+ केस, जज को 3 करोड़ की धमकी और एक्सीडेंट क्लेम पर ऐतिहासिक फैसला! समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे
नंद कुमार साय के ‘5 बच्चे’ वाले बयान पर छत्तीसगढ़ में सियासी उबाल
Nand Kumar Sai Statement: पूर्व आदिवासी नेता नंद कुमार साय के एक बयान ने राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। साय ने सर्व आदिवासी समाज की बैठक में आदिवासी परिवारों से जनसंख्या संतुलन बनाए रखने के लिए कम से कम पांच बच्चे पैदा करने की अपील की। उन्होंने तर्क दिया कि ‘हम दो, हमारे दो’ के नारे से आदिवासियों की आबादी घट रही है, जिससे उनकी राजनीतिक और सामाजिक ताकत कम हो रही है। इस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह उनका निजी विचार है और वे एक वरिष्ठ नेता हैं। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा से रुख स्पष्ट करने की मांग की है।
रायपुर RTO का बाबू 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
Raipur RTO Corruption: राजधानी रायपुर के आरटीओ कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। डेटा एंट्री ऑपरेटर शोभा राम देवांगन को एक वाहन का नाम ट्रांसफर करने के बदले 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी ने इसके लिए 15 हजार रुपये मांगे थे। शिकायत मिलने पर एसीबी ने जाल बिछाया और नोटों के साथ उसे दबोच लिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे आरटीओ दफ्तर में हड़कंप मच गया है।
बालाजी आयरन कंपनी के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, मंत्री ने दिए जांच के आदेश
Iron Steel Company Tilda: तिल्दा क्षेत्र के अल्दा गांव में बालाजी आयरन इस्पात कंपनी के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी ने फर्जी ग्राम सभा और फर्जी एनओसी के आधार पर काम शुरू किया है। सैकड़ों ग्रामीण एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे हैं। इस मामले में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कलेक्टर को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने कहा कि बिना ग्रामीणों की सहमति के एनओसी कैसे मिली, इसकी गहराई से जांच की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से चल रहा था सट्टे का जाल, छत्तीसगढ़ पुलिस ने 16 को पकड़ा
IPL Online Betting: बलौदाबाजार पुलिस ने आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में दबिश देकर 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह गिरोह ‘RUVIBET’ नाम के पैनल से देशभर में सट्टा चला रहा था। इनके पास से 7 लैपटॉप, 48 मोबाइल और करीब 50 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है। पकड़े गए आरोपी उत्तर प्रदेश, पंजाब और नेपाल सहित कई राज्यों के रहने वाले हैं।
हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: बस्तर में हेडमास्टर की पदोन्नति पर लगाई रोक
Headmaster Promotion Ban: बिलासपुर हाईकोर्ट ने बस्तर संभाग में शिक्षकों की पदोन्नति के आदेश पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने पाया कि विभाग ने पुराने नियमों के आधार पर प्रमोशन जारी कर दिए थे, जबकि राज्य में नए नियम लागू हो चुके हैं। याचिका में दलील दी गई कि नए नियमों के तहत पदोन्नति के लिए टीईटी (TET) अनिवार्य है, लेकिन प्रमोट किए गए कई शिक्षक इसे पास नहीं थे। जस्टिस पीपी साहू की बेंच ने इस प्रक्रिया को फिलहाल रोकने के निर्देश दिए हैं।
बस्तर में नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका, 42 साथियों के साथ कमांडर का सरेंडर
Bastar Naxal Network: नक्सलियों की बटालियन के अंतिम कमांडर सोड़ी केशा ने अपने 42 साथियों के साथ हैदराबाद में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। केशा दक्षिण बस्तर में सक्रिय नक्सलियों की आखिरी मजबूत कड़ी माना जा रहा था। सरेंडर करने वालों ने एके-47 और भारी मात्रा में गोला-बारूद भी पुलिस को सौंपा है। सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि इस समर्पण के बाद दक्षिण बस्तर में नक्सली संगठन अब लगभग पूरी तरह खत्म होने की कगार पर है।
कोल्ड्रिंक फैक्ट्री में गैस रिसाव से मजदूर झुलसा, 20 दिन तक मामला छिपाया
बिलासपुर के सिरगिट्टी स्थित नर्मदा कोल्ड्रिंक फैक्ट्री में एक मजदूर अमोनिया गैस की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गया। घटना 18 मार्च की है, लेकिन आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने पुलिस को बताए बिना मजदूर को निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया और मामले को दबाने की कोशिश की। करीब एक महीने बाद जब अस्पताल से मेमो थाने पहुंचा, तब मामले का खुलासा हुआ। पीड़ित का इलाज फिलहाल अपोलो अस्पताल में चल रहा है और पुलिस जांच की बात कह रही है।
अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, जांजगीर और अभनपुर में बड़ी कार्रवाई
Lllegal Mining: छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अवैध रेत और पत्थर खनन के खिलाफ अभियान चलाया गया। जांजगीर-चांपा में कलेक्टर के निर्देश पर 612 मामले दर्ज कर 1.74 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया है। वहीं रायपुर के अभनपुर इलाके में रात को छापेमारी कर रेत और पत्थर से लदी 13 गाड़ियां जब्त की गई हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध परिवहन में लगे वाहनों के मालिकों पर भारी जुर्माना लगाने के साथ उनके लाइसेंस भी निरस्त किए जाएंगे।
बालोद के जज को मिली जान से मारने की धमकी, 3 करोड़ की फिरौती मांगी
Balod judge Case: बालोद जिले के गुंडरदेही में पदस्थ सिविल जज प्रशांत कुमार देवांगन को एक धमकी भरा पत्र मिला है। पत्र भेजने वाले ने खुद को नक्सली संगठन का सदस्य बताते हुए जज और उनके परिवार को खत्म करने की धमकी दी है। चिट्ठी में 3 करोड़ रुपये की मांग की गई है और गलत फैसले देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से लेटर भेजने वाले की तलाश की जा रही है।
एक्सीडेंट क्लेम पर हाईकोर्ट की राहत: देरी होने पर भी मिलेगा मुआवजा
Bilaspur High Court: बिलासपुर हाईकोर्ट ने मोटर दुर्घटना बीमा दावों को लेकर ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा कि अगर पीड़ित परिवार आवेदन करने में देरी करता है, तो सिर्फ इस तकनीकी आधार पर क्लेम खारिज नहीं किया जा सकता। कई बीमा कंपनियों ने दलील दी थी कि समय सीमा बीतने के बाद ट्रिब्यूनल को सुनवाई का हक नहीं है, जिसे कोर्ट ने नामंजूर कर दिया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि न्याय की प्रक्रिया में समय से ज्यादा मानवीय पक्ष और मेरिट महत्वपूर्ण है।



