CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें, रायपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट में फंसे विधायक, 59 लाख की साइबर ठगी में आरोपी गिरफ्तार, हाईकोर्ट को मिला नया न्यायाधीश, AAP कार्यकर्ता की संदिग्ध मौत पर हंगामा, धर्मांतरण विवाद में थाना परिसर में मारपीट, बस्तर में ई-हॉस्पिटल का विस्तार, ऑपरेशन मुस्कान में 181 बच्चे बरामद, बलरामपुर में युवक का अपहरण, नवा रायपुर में बनेगी मेडिसिटी और भाजपा नेता पर कार्रवाई टली समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

ऑपरेशन साइबर शील्ड: 59 लाख की ठगी करने वाला ठग पश्चिम बंगाल से दबोचा, 66 से ज्यादा केस दर्ज

Cyber Shield Operation: रायपुर पुलिस की साइबर टीम ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत एक ऐसे साइबर ठग को गिरफ्तार किया है जो देशभर में दर्जनों लोगों को शेयर ट्रेडिंग के नाम पर चूना लगा चुका था। आरोपी प्रताप पात्रा को पश्चिम बंगाल के 24 परगना से गिरफ्तार किया गया है। 33 वर्षीय इस ठग के खिलाफ अलग-अलग राज्यों के साइबर सेल और थानों में 66 से ज्यादा केस दर्ज हैं। रायपुर के पंडरी इलाके के रहने वाले विकास लाहोटी से भी आरोपी ने करीब 59 लाख रुपये ठग लिए थे। मामला सामने आते ही रायपुर साइबर थाना एक्टिव हुआ और तकनीकी जांच के बाद आरोपी को धर दबोचा गया।

हाईकोर्ट में नया चेहरा: न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल ने ली छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में शपथ

New High Court judge: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को आज उसका नया न्यायमूर्ति मिल गया है। रवींद्र कुमार अग्रवाल ने 11 अगस्त की सुबह 10:30 बजे न्यायाधीश पद की शपथ ली। यह समारोह मुख्य न्यायालय में आयोजित हुआ जिसमें बार के तमाम सदस्य मौजूद रहे। जानकारी अतिरिक्त रजिस्ट्रार (न्यायिक) सुमित कपूर ने दी।

प्रधानमंत्री संग फोटो खिंचवाने वाले भाजपा नेता पर कार्रवाई क्यों टली? तहसीलदार ने 8 बार किया नजरअंदाज

BJP leader favoritism: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिवराज सिंह चौहान जैसे बड़े नेताओं के साथ फोटो शेयर करने वाले एक भाजपा नेता पर एफआईआर दर्ज कराने को लेकर तहसीलदार साहब ने 8 बार कमिश्नर के आदेश को दरकिनार कर दिया।117 एकड़ की जमीन के घोटाले से जुड़ा यह मामला महीनों से लटका हुआ है। कमिश्नर ने लगातार 8 बार पत्र लिखकर एफआईआर के आदेश दिए लेकिन कार्रवाई का नामोनिशान नहीं। सवाल ये है कि क्या नेताजी का रसूख कानून से ऊपर है?

बस्तर में हेल्थ का डिजिटलीकरण: सीएम साय के नेतृत्व में ई-हॉस्पिटल का विस्तार

Bastar Digital Health: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुआई में बस्तर संभाग की स्वास्थ्य सेवाएं डिजिटल हो रही हैं। ‘नेक्स्ट जेन ई-हॉस्पिटल’ के जरिए अब मरीजों का OPD रजिस्ट्रेशन, जांच, परामर्श, दवा वितरण सब कुछ डिजिटल हो गया है। 41 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, 6 जिला अस्पतालों और 2 सिविल अस्पतालों में अब डिजिटल हेल्थ सिस्टम लागू हो चुका है। 53% मरीजों ने आभा लिंक के जरिए ओपीडी रजिस्ट्रेशन कराया है, जिससे लाइन में लगने का झंझट खत्म हो गया है।

बलरामपुर से युवक का अपहरण, यूपी ले जाकर मांगी 3 लाख की फिरौती

Kidnapping Balrampur: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक युवक के अपहरण की वारदात ने सनसनी मचा दी। विजय मरकाम नाम का युवक 6 अगस्त से लापता था। बाद में भाई को कॉल कर 3 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। उत्तर प्रदेश के बीजपुर में विजय को बंधक बनाया गया था। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और आरोपियों को दबोच लिया गया। फिलहाल मामला बसंतपुर थाना क्षेत्र में दर्ज है।

नवा रायपुर में बनेगी 400 एकड़ में मेडिसिटी, बॉम्बे हॉस्पिटल समेत बड़े नाम करेंगे निवेश

Naya Raipur MediCity: नवा रायपुर में अब हेल्थकेयर का बड़ा हब बनने जा रहा है। 400 एकड़ जमीन में एक विश्वस्तरीय मेडिसिटी बनाई जाएगी, जिसमें बॉम्बे हॉस्पिटल जैसे बड़े संस्थानों को प्लॉट देने की तैयारी है। यह परियोजना मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए भी तैयार की जा रही है। अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, रिसर्च सेंटर, छात्रावास से लेकर धर्मशाला तक की सुविधाएं यहां होंगी। ‘नवा अंजार 2047’ विजन डॉक्यूमेंट का यह हिस्सा है।

ऑपरेशन मुस्कान: दुर्ग पुलिस ने लौटाई 181 परिवारों की मुस्कान, पूरे प्रदेश में सबसे आगे

Operation Muskaan: छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘ऑपरेशन मुस्कान’ ने एक बार फिर कई परिवारों की जिंदगी में खुशियां लौटा दी हैं। दुर्ग पुलिस ने जुलाई 2025 में चलाए गए अभियान में 181 गुमशुदा बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिवार से मिलाया। बरामद बच्चों में 31 बालक और 150 बालिकाएं शामिल हैं। अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले 8 थाना प्रभारियों को SSP विजय अग्रवाल ने सम्मानित किया।

आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता पूजा की मौत पर हंगामा, हत्या का आरोप और फॉरेंसिक जांच

CG AAP Worker Death: जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी (AAP) की कार्यकर्ता पूजा केंवट की रहस्यमय मौत ने स्थानीय राजनीति में हलचल मचा दी है। महिला की मौत को लेकर परिजनों और पार्टी नेताओं ने सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया और निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस को शुरू में महिला के पति ने बताया था कि पूजा की मौत अर्जुनी गांव और ओवरब्रिज के बीच एक ट्रेलर की चपेट में आने से हुई है, लेकिन इस दावे पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अब सबकी नजरें पीएम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मौत के असल कारण का खुलासा हो सकेगा।

रायपुर एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी के चलते यात्री फंसे विस्तारा फ्लाइट में विधायक भी शामिल

Vistara Gate Malfunction: रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दिल्ली से आई विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट AI-2797 में गेट खुलने में तकनीकी दिक्कत आ गई। यह फ्लाइट तय समय 8:40 बजे की बजाय करीब 10 बजे रायपुर पहुंची, लेकिन विमान के दरवाजे नहीं खुल पाने के कारण यात्री लगभग आधे घंटे तक अंदर फंसे रहे। यात्रियों में कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव भी शामिल थे। तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान किया, जिसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना से यात्रियों में नाराजगी देखी गई और उन्होंने एयरलाइन प्रबंधन से जवाबदेही की मांग की।

रायपुर में धर्मांतरण को लेकर बवाल, संदिग्ध आरोपियों की थाना में पिटाई

Religious Conversion Clash: राजधानी रायपुर के कुकुरबेड़ा इलाके में धर्मांतरण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एक विशेष समुदाय द्वारा एक घर में प्रार्थना सभा के नाम पर धर्मांतरण किया जा रहा है। शिकायतों के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता से नाराज़ लोगों ने सरस्वती नगर थाने का घेराव किया और तीन संदिग्ध युवकों की थाने के अंदर ही पिटाई कर दी। पुलिस ने बजरंग दल की शिकायत पर विशेष समुदाय के आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है, साथ ही थाने में हुई मारपीट के मामले की भी जांच शुरू कर दी है। विवाद के चलते इलाके में तनाव बना हुआ है और प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है।


Also Read: छत्तीसगढ़ के युवक को विराट कोहली और डिविलियर्स का आया कॉल, गांव में खुशी की लहर

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button