CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें महतारी वंदन योजना की 21वीं किश्त से 69 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ, बिलासपुर रेल हादसे पर रेल मंत्री ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख मुआवजे की घोषणा, मृत्यु भोज के बाद गांव में डायरिया संक्रमण से मची दहशत, राज्योत्सव में थाना प्रभारी का कॉलर पकड़ने पर भाजपा कार्यकर्ता पर केस, बस्तर में शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक को हटाया गया, बे-मौसम बारिश से फसलें बर्बाद होने पर किसानों का कलेक्ट्रेट घेराव, सिम्स मेडिकल कॉलेज में रैगिंग के आरोप में 25 छात्र निष्कासित, नगर निगम में रिश्वतखोरी के महाघोटाले का खुलासा, बारनवापारा में चार हाथियों की मौत से वन विभाग की लापरवाही उजागर, पुलिस ने लापता इंजीनियर को लावारिस समझ दफनाया समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

महतारी वंदन योजना की 21वीं किश्त आज, 69 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ

Mahatari Vandana Yojana: उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आज राजनांदगांव में आयोजित कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 21वीं किश्त जारी करेंगे। इस योजना से 69 लाख से अधिक महिलाओं को ₹647.28 करोड़ की राशि उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। पहली बार बस्तर संभाग के 7658 गांवों की महिलाएं भी इस योजना के दायरे में आई हैं। योजना के तहत अब तक कुल ₹13,671 करोड़ की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है।

मृत्यु भोज के बाद गांव में फैला डायरिया संक्रमण, एक की मौत, 50 से अधिक बीमार

Diarrhea Outbreak: खैरागढ़ के वनांचल ग्राम पंचायत गातापार जंगल के लिमउटोला, सांकरी और गाड़ाघाट गांवों में डायरिया का प्रकोप फैल गया है। मृत्यु भोज के बाद यह बीमारी तेजी से फैली, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग बीमार पड़ गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल राहत और उपचार कार्य शुरू कर दिया है। जांच में पाया गया कि दूषित पानी और अस्वच्छ भोजन संक्रमण की मुख्य वजह बना। पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और गांव में डॉक्टरों की टीम लगातार घर-घर जाकर उपचार कर रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी आयोजनों को स्थगित रखने की सलाह दी गई है।

राज्योत्सव में थाना प्रभारी का कॉलर पकड़ने वाले भाजपा कार्यकर्ता पर केस दर्ज

Political Clash: कवर्धा में राज्योत्सव कार्यक्रम के दौरान भारी विवाद के बीच भाजपा कार्यकर्ता राकेश साहू और थाना प्रभारी योगेश कश्यप के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। भाजपा कार्यकर्ता ने थाना प्रभारी का कॉलर पकड़ लिया और वर्दी के बटन तक तोड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने राकेश साहू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मौके पर पहुंचे भाजपा नेताओं ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन कार्यक्रम में हंगामा जारी रहा, जिससे राज्योत्सव का माहौल बिगड़ गया।

जींस पहनने पर शिक्षक को भगाने वाले शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक (JD) को हटाया गया

बस्तर संभाग के प्रभारी संयुक्त संचालक शिक्षा, राकेश पांडेय, को शिक्षकों के विरोध प्रदर्शन के बाद पद से हटा दिया गया है। उन्होंने एक शिक्षक को जींस पहनकर कार्यालय आने पर दुर्व्यवहार करके भगा दिया था। शिक्षकों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोलते हुए संभागायुक्त कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया था। शिक्षकों का आरोप था कि जेडी खुद भी जींस पहनकर आते हैं, लेकिन शिक्षकों के जींस पहनने पर उन्हें आपत्ति थी। पांडेय को हटाकर उप संचालक बनाकर डीपीआई (लोक शिक्षण संचालनालय) भेज दिया गया है, और उनकी जगह एचआर सोम को प्रभारी जेडी बनाया गया है।

बे-मौसम बारिश से फसलें बर्बाद, हजारों किसान पहुंचे कलेक्ट्रेट

Crop Damage Protest: खैरागढ़ जिले में बे-मौसम बारिश से धान की फसलें चौपट हो गईं, जिसके बाद सैकड़ों किसान कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर मुआवजे की मांग करने लगे। किसानों ने खराब धान की बालियां लेकर प्रदर्शन किया और प्रशासन से फसल नुकसान का सर्वे कर मुआवजा व बीमा राशि तुरंत जारी करने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों में सर्वे नहीं किया गया तो आंदोलन और उग्र होगा। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सर्वे टीम तत्काल गांवों में भेजी जाएगी।

सिम्स मेडिकल कॉलेज में जूनियर को प्रताड़ित करने पर 25 छात्र निष्कासित

Ragging Case: बिलासपुर के सिम्स मेडिकल कॉलेज में जूनियर छात्रों से दुर्व्यवहार और धमकाने के आरोप में 25 छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है। डीन डॉ. रमणेश मूर्ति ने छात्रावास प्रबंधन समिति की सिफारिश पर कार्रवाई की। एक छात्र को लगातार अनुशासनहीनता के कारण एक वर्ष के लिए हॉस्टल से बाहर कर दिया गया है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि अगर ऐसी घटनाएं दोहराई गईं, तो स्थायी निष्कासन किया जाएगा।

नगर निगम में भ्रष्टाचार का महाघोटाला, चोरी के साथ खुला रिश्वतखोरी का राज

Corruption Scandal: छत्तीसगढ़ के एक नगर निगम में ठेकेदारों से वसूले गए लाखों रुपये में से एक कर्मचारी ने चोरी कर ली। चोरी का खुलासा तब हुआ जब कमरे में लगाए गए गुप्त कैमरे में कर्मचारी पैसे निकालते पकड़ा गया। सीसीटीवी फुटेज में कैश कलेक्शन के साथ-साथ रिश्वत के लेन-देन का भी वीडियो रिकॉर्ड हो गया। अब अफसर पुलिस में FIR दर्ज कराने से बच रहे हैं, क्योंकि फुटेज से उनके भ्रष्टाचार का पर्दाफाश हो सकता है। मामला फिलहाल दबी जुबान में ही निपटाने की कोशिश की जा रही है।

बारनवापारा में चार हाथियों की मौत पर विभाग की लापरवाही उजागर

Elephant Death: रायपुर के पर्यावरण कार्यकर्ता नितिन सिंघवी ने बारनवापारा अभयारण्य में चार हाथियों की मौत को वन विभाग की घोर लापरवाही बताया है। उन्होंने कहा कि खुले कुओं को बंद करने की मांग वे 2018 से कर रहे हैं, लेकिन विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। केंद्र सरकार ने 2022 में सभी खुले कुओं को बंद करने का आदेश दिया था, पर छत्तीसगढ़ में अब तक केवल 450 कुओं को सुरक्षित किया गया है। घटना के बाद वन विभाग पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस की लापरवाही: लापता इंजीनियर को लावारिस समझकर दफनाया

Police Negligence: रायपुर में पुलिस की लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इलेक्ट्रिकल इंजीनियर मृणाल राय चौधरी, जो 1 जून से लापता थे, उनका शव पुलिस को नाले में मिला, लेकिन पहचान की कोशिश किए बिना उसे लावारिस मानकर दफना दिया गया। छह महीने बाद यह मामला तब उजागर हुआ जब परिवार ने डीएनए टेस्ट की मांग की। अब शव को कब्र से निकालकर पहचान की प्रक्रिया चल रही है। परिवार ने दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

रेल मंत्री ने लिया संज्ञान, बिलासपुर रेल हादसा में मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान

Bilaspur Train Accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया। लालखदान के पास मेमू ट्रेन, खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। इस हादसे में लोको पायलट समेत 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 से 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली के वॉर रूम से घटना की जानकारी ली और त्वरित राहत कार्य के निर्देश दिए। रेलवे ने मुआवजे की भी घोषणा की है: मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपये और सामान्य घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

Also Read: VIDEO: बेमेतरा के बाद कवर्धा के राज्योत्सव में भारी बवाल: भाजपा कार्यकर्ता और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button