
Mantri Mandal Vistar CG: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तीन दिन के दिल्ली दौरे के बाद रायपुर लौट आए हैं। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने जो कहा, वो साफ इशारा करता है कि राज्य में राजनीतिक बदलाव की हलचल अब ज्यादा देर तक नहीं थमेगी। चाहे मंत्रिमंडल विस्तार की बात हो या संगठन में बदलाव की, साय के बयान ने कार्यकर्ताओं और दावेदारों की धड़कनें बढ़ा दी हैं।
बार-बार टलता मंत्रिमंडल विस्तारपर बोले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
बीजेपी सरकार के आने के बाद से मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें लगातार चल रही हैं। मुख्यमंत्री ने 13 दिसंबर 2023 को शपथ ली थी और तब से अब तक कैबिनेट में 2 पद खाली हैं। बृजमोहन अग्रवाल के सांसद बनने और इस्तीफा देने से एक सीट और खाली हो गई। मुख्यमंत्री साय ने साफ कहा — “थोड़ा इंतजार कीजिए, मंत्रिमंडल विस्तार जल्द होगा।”
संकेत साफ हैं, इस बार प्रधानमंत्री की मौजूदगी में ही नए मंत्री शपथ ले सकते हैं।
पीएम-शाह से मुलाकात और ‘2047 विजन’ पर चर्चा
CG Cabinet Expansion: दिल्ली दौरे के दौरान सीएम साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी आलाकमान के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। मुलाकातों में छत्तीसगढ़ के विकास से लेकर नक्सल उन्मूलन और आगामी आयोजनों पर बातचीत हुई। संसद भवन में भी सीएम पहुंचे, जहां पुराने साथियों से मुलाकात की और राज्य के विजन अंजोर@2047 को लेकर भी बात की गई।
संगठन में भी उठापटक तय, नई नियुक्तियों की तैयारी
प्रदेश बीजेपी संगठन में भी जल्द फेरबदल देखने को मिल सकता है। दो प्रदेश महामंत्री के पद खाली हैं — संजय श्रीवास्तव अब नान के अध्यक्ष बन चुके हैं, और जगदीश (रामू) रोहरा धमतरी के मेयर। इन पदों के लिए जोड़तोड़ तेज हो चुकी है।
साथ ही महिला मोर्चा अध्यक्ष शालिनी राजपूत को हस्तशिल्प विकास बोर्ड की जिम्मेदारी मिल चुकी है, ऐसे में महिला मोर्चा में भी नया चेहरा दिखेगा।
मोर्चे-प्रकोष्ठों में नियुक्तियों का इंतजार, कार्यकर्ता बेचैन
बीजेपी के 7 मोर्चों और 30 प्रकोष्ठों में भी जिला और मंडल स्तर पर कई पद खाली हैं। कई कार्यकर्ताओं का कार्यकाल पूरा हो चुका है, और अब सभी नई नियुक्तियों की बाट जोह रहे हैं। देरी से संगठन में बेचैनी बढ़ रही है, लेकिन उम्मीद है कि अगस्त के पहले हफ्ते में बड़ा ऐलान हो सकता है।
कोई नया फॉर्मूला नहीं, समर्पण और तालमेल ही पैमाना
संगठन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इस बार कोई खास पॉलिटिकल फॉर्मूला नहीं चल रहा है। जो कार्यकर्ता ईमानदारी से मेहनत कर रहे हैं और सीनियर नेताओं से तालमेल बिठा पा रहे हैं, उन्हीं को तरजीह दी जाएगी।
मंत्रिमंडल विस्तार पर CM साय का बयान-
पीएम मोदी को दिया गया बड़ा न्योता
सीएम साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 1 नवंबर 2025 को रायपुर में होने वाले “अमृत रजत महोत्सव” का निमंत्रण भी दिया। ये आयोजन छत्तीसगढ़ के गठन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाया जाएगा। इस मौके पर बीजेपी एक बार फिर छत्तीसगढ़ में अपने सियासी प्रभाव को जनता के सामने मजबूती से रखना चाहेगी।
मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा सिर्फ शिष्टाचार नहीं था, ये दौरा सियासी भविष्य की तैयारी का हिस्सा था। मंत्रिमंडल विस्तार हो या संगठन में बदलाव, आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचलें तेज होंगी। बीजेपी कार्यकर्ता और दावेदार दोनों इस वक्त पूरी उम्मीदों के साथ बैठे हैं — और अब बारी आलाकमान की है कि वो कौन से चेहरे आगे लाते हैं।
Also Read: छत्तीसगढ़ के यात्रियों को मिली नई ट्रेन सुविधा: रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दी जानकारी



