
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ की जनता के लिए राहत भरी खबर है। भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को अब मानसून की दस्तक मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी सोमवार से प्रदेश में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां तेज़ होने वाली हैं। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में शाम को हल्की फुहारें और तेज़ बारिश की संभावना है।
तापमान का उतार-चढ़ाव जारी
रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 2.7 डिग्री ज्यादा था। हालांकि, बारिश के बाद मौसम में थोड़ी राहत महसूस की गई। वहीं, राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और दुर्ग में न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
कहां-कहां होगी बारिश?
पिछले 24 घंटे के दौरान दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। अब मौसम विभाग ने आने वाले दो दिन भारी बारिश और गरज-चमक के साथ 50–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
बंगाल की खाड़ी से उठा बादलों का हुजूम
बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 3.1 से 7.6 किमी की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हो चुका है, जो दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है। यही सिस्टम अब प्रदेश में अच्छी बारिश कराने वाला है।
रायपुर सहित इन जिलों में बादल बरसेंगे
राजधानी रायपुर में सोमवार को बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और दिन में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। तापमान 28 से 38 डिग्री के बीच रहेगा।
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर समेत अन्य जिलों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
मानसून की दस्तक, गर्मी से राहत
प्रदेश में अब तक सिर्फ 3.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, लेकिन आंकड़ों में जल्द ही बढ़ोतरी के आसार हैं। मानसून की एंट्री लगभग हो चुकी है और इसके असर से प्रदेश में गर्मी से राहत मिल रही है। रविवार को हुई अचानक बारिश के बाद मौसम में ठंडक घुल गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
भीषण गर्मी से हलकान छत्तीसगढ़वासियों को अब बारिश की सौगात मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में बारिश और तूफानी हवाओं की धार और तेज़ हो सकती है। छतरी साथ रखें, क्योंकि आसमान अब कुछ दिन मेहरबान रहने वाला है।



