CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें मैनपाट महोत्सव का आगाज, बस्तर में ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़,बस्तर रेल लाइन का होगा कायाकल्प, रायपुर में अतिक्रमण पर चलेगा निगम का डंडा ,लापरवाही पर 100 पंचायत सचिवों का वेतन रुका,छत्तीसगढ़ पर्यटन में 1500 करोड़ के निवेश, रायगढ़ में शिक्षक की करतूत,बिलासपुर के कोल कारोबारी पर आयकर का शिकंजा,रायपुर में बिजली क्षेत्र पर राष्ट्रीय मंथन शुरू,शिक्षकों को चेतावनी समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

मैनपाट महोत्सव का आगाज: सीएम ने दी 523 करोड़ की सौगात

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरगुजा के मैनपाट में तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जिले के विकास के लिए 109 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जिनकी कुल लागत 523 करोड़ रुपये से ज्यादा है। मुख्यमंत्री ने मैनपाट में पर्यटन विकास के लिए 1 करोड़ रुपये और सीतापुर में नया बस स्टैंड बनाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव सरगुजा की संस्कृति को दुनिया तक पहुंचाने का बड़ा माध्यम है।

बस्तर में ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़: 14 लाख की दवाइयां जब्त

जगदलपुर पुलिस ने नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहे अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 14 लाख रुपये की प्रतिबंधित दवाइयां मिली हैं। जांच में पता चला कि यह नशीला सामान ओडिशा से लाकर जगदलपुर के युवाओं को बेचा जा रहा था।

बस्तर रेल लाइन का होगा कायाकल्प: जीएम ने किया निरीक्षण

ईस्ट कोस्ट रेलवे के महाप्रबंधक परमेश्वर फंकवाल ने जगदलपुर और किरंदुल रेललाइन का दौरा किया। उन्होंने अमृत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि लाइन दोहरीकरण का काम तय समय में पूरा किया जाए। स्टेशनों पर बस्तर की कलाकृतियों और आधुनिक सुविधाओं को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।

रायपुर में अतिक्रमण पर चलेगा निगम का डंडा

राजधानी रायपुर की सड़कों को जाम से मुक्त करने के लिए महापौर मीनल चौबे ने सख्त तेवर दिखाए हैं। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम अब 18 प्रमुख चौराहों पर सफाई अभियान चलाएगी। सड़कों पर लावारिस पड़े कंडम वाहनों को जब्त कर उनकी नीलामी की जाएगी। दुकानदारों को भी चेतावनी दी गई है कि वे फुटपाथों पर कब्जा न करें।

लापरवाही पर 100 पंचायत सचिवों का वेतन रुका

गरियाबंद जिला पंचायत सीईओ ने शासकीय योजनाओं के काम में देरी करने पर बड़ी कार्रवाई की है। जिले के मैनपुर और देवभोग ब्लॉक के 100 पंचायत सचिवों का जनवरी महीने का वेतन रोक दिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य विकास कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने के कारण यह फैसला लिया गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि ड्यूटी में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

छत्तीसगढ़ पर्यटन में 1500 करोड़ के निवेश की तैयारी

राज्य सरकार ने पर्यटन क्षेत्र में हो रहे घाटे को कम करने के लिए नई रणनीति बनाई है। पिछले 5 साल में 100 करोड़ खर्च करने के बाद भी सिर्फ 40 करोड़ की कमाई हुई है। अब 19 निजी निवेशकों को राज्य में होटल और रिसॉर्ट बनाने के लिए न्योता दिया गया है। पीपीपी मॉडल के जरिए 1500 करोड़ रुपये के निवेश से 4 हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

रायगढ़ में शिक्षक की करतूत: स्कूल से गायब होकर प्राइवेट जॉब

रायगढ़ जिले के लैलूंगा ब्लॉक से शिक्षा व्यवस्था को शर्मिंदा करने वाली खबर आई है। मुकडेगा हायर सेकेंडरी स्कूल के एक शिक्षक जुलाई 2024 से स्कूल से गायब हैं। आरोप है कि वह सरकारी वेतन ले रहे हैं लेकिन काम एक निजी संस्था में कर रहे हैं। स्कूल के प्राचार्य की बार-बार सूचना देने के बाद भी शिक्षा विभाग ने अब तक कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की है।

बिलासपुर के कोल कारोबारी पर आयकर का शिकंजा

बिलासपुर के कोयला व्यापारी प्रवीण झा के ठिकानों पर आयकर विभाग ने छापा मारा है। प्रवीण झा अपने महंगे शौक और करोड़ों की लग्जरी गाड़ियों के लिए मशहूर हैं। दो महीने पहले भी स्टेट जीएसटी ने इनके ठिकानों पर दबिश दी थी जिसमें 11 करोड़ से ज्यादा का टैक्स सरेंडर किया गया था। अब वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है जिसमें बड़ी टैक्स चोरी की संभावना है।

रायपुर में बिजली क्षेत्र पर राष्ट्रीय मंथन शुरू

एनटीपीसी की ओर से रायपुर में तीन दिवसीय ‘आईपीएस 2026’ सम्मेलन की शुरुआत हुई। इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर के ऊर्जा विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। विद्युत मंत्रालय के सचिव ने बताया कि देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए नई तकनीकों का इस्तेमाल जरूरी है। सम्मेलन में हाइड्रोजन और परमाणु ऊर्जा जैसे भविष्य के विकल्पों पर भी चर्चा होगी।

शिक्षकों को चेतावनी: रील बनाई तो होगी कार्रवाई

कोंडागांव जिले के शिक्षा विभाग ने सरकारी कर्मचारियों के लिए कड़ा आदेश जारी किया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान कार्यालय या स्कूल परिसर में रील बनाना अनुशासनहीनता माना जाएगा। कुछ शिक्षकों द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने की शिकायतों के बाद यह फैसला लिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: CG School New Uniform: सरकारी स्कूलों के बच्चों को मिलेगी नई मॉडर्न यूनिफॉर्म: अब कॉन्वेंट की तर्ज पर दिखेगी नई यूनिफॉर्म, सरकार ने लिया बड़ा फैसला

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button