CG Weather Update Today: आज कहां होगी बारिश, किन जिलों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, एक क्लिक में जानें मौसम का पूरा अपडेट

CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में आखिरकार मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बीते 25 दिनों से बस्तर इलाके में अटका हुआ मानसून अब राजधानी रायपुर होते हुए सरगुजा तक पहुंच गया है। इससे प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने करवट ली है और गर्मी से जूझ रही जनता को बड़ी राहत मिली है।

सूरजपुर और बलरामपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

Todat Weather News: मौसम विभाग ने सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, बालोद, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और कांकेर सहित अन्य जिलों में भी तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

रायपुर में सुबह से बूँदाबाँदी, मौसम हुआ सुहाना

रायपुर और आसपास के इलाकों में गुरुवार सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया है। वहीं, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सुबह से तेज बारिश जारी है, जिससे लोगों को गर्मी से खासी राहत मिली है।

तापमान में गिरावट, दुर्ग रहा सबसे गर्म

मानसून के सक्रिय होते ही प्रदेश के तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि बुधवार को दुर्ग 35.4°C के साथ सबसे गर्म रहा। लेकिन आज के मौसम के हिसाब से आने वाले दिनों में और भी गिरावट देखने को मिल सकती है।

बीते 24 घंटे में 10 से ज्यादा जिलों में बारिश

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में औसतन 19.59 मिमी बारिश दर्ज की गई है। कोरबा और रायगढ़ में बुधवार को झमाझम बारिश हुई थी, जिसने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत दी।

लोगों से मौसम विभाग की अपील — खुले में न रहें

मौसम विभाग ने चेतावनी देते हुए कहा है कि तेज आंधी के साथ बारिश और बिजली गिरने की प्रबल संभावना है। ऐसे में लोगों को खुले मैदान या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए। विभाग ने सभी से घर में ही रहने की अपील की है, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।

कहां-कहां अलर्ट?

  • ऑरेंज अलर्ट: सूरजपुर, बलरामपुर
  • बिजली गिरने और गरज-चमक का खतरा: रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, बालोद, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर

छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता से जहां एक ओर गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर सावधानी बरतने की भी जरूरत है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन प्रदेश के लिए अहम साबित हो सकते हैं। अपडेट के लिए मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखें।

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button