
रायपुर CG Holiday News: छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। राज्य स्वास्थ्य समिति की कार्यकारिणी बैठक में कई अहम फैसले लिए गए हैं, जिससे हजारों संविदा कर्मचारियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया ने की।
दुर्घटना या गंभीर बीमारी पर मिलेगा 30 दिन का सवैतनिक अवकाश
NHM Contractual Staff Updates: बैठक में लिए गए फैसलों में सबसे अहम निर्णय मेडिकल अवकाश से जुड़ा है। अब यदि कोई एनएचएम कर्मचारी दुर्घटना या गंभीर बीमारी का शिकार होता है, तो उसे 30 दिन का सवैतनिक मेडिकल अवकाश दिया जाएगा। यह फैसला कर्मचारियों की मांगों पर विचार के बाद लिया गया है।
वेतन वृद्धि को मिली सैद्धांतिक मंजूरी
CG NHM Employees Salary Hike: जुलाई 2023 की स्थिति में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को 27 प्रतिशत वेतन वृद्धि देने पर बैठक में सहमति बनी। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2023-24 में 1 जुलाई 2023 से 31 मार्च 2024 तक और वर्ष 2024-25 में 5 प्रतिशत अतिरिक्त वेतन वृद्धि का लाभ मिलेगा। यह फैसला मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप लिया गया है। हालांकि, अंतिम निर्णय वित्त विभाग की स्वीकृति के बाद लागू होगा।
सीआर प्रणाली में आएगी पारदर्शिता
NHM Chhattisgarh Latest News: वार्षिक कार्य मूल्यांकन (सीआर) प्रक्रिया को लेकर भी बड़ा बदलाव किया गया है। अब राज्य और जिला स्तर पर जिन पदों के लिए मिशन संचालक स्वीकृति अधिकारी होंगे, उनकी अपील स्वास्थ्य विभाग के सचिव के पास सुनी जाएगी। वहीं, जिन पदों पर कलेक्टर या सीएमएचओ स्वीकृति अधिकारी हैं, वहां अपील मिशन संचालक के पास की जा सकेगी। अपीलीय अधिकारी को सेवा समाप्ति या प्रतिकूल टिप्पणियों को रद्द या स्वीकृत करने का अधिकार होगा।
10 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा
कर्मचारियों को अब न्यूनतम 10 लाख रुपये तक की कैशलेस मेडिकल बीमा सुविधा भी मिलेगी। यह सुविधा प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत राज्य नोडल एजेंसी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इस फैसले से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की स्थिति में आर्थिक राहत मिलेगी।
स्थानांतरण नीति में बदलाव की तैयारी
NHM Transfer Policy Reform: बैठक में यह भी तय किया गया कि एनएचएम कर्मचारियों की स्थानांतरण नीति और मानव संसाधन नीति में आंशिक संशोधन किया जाएगा। इसके लिए राज्य स्तर पर एक समिति बनाई जाएगी, जो अन्य विभागों की नीतियों का अध्ययन कर व्यावहारिक प्रस्ताव तैयार करेगी।
कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार
NHM HR Policy Change: छत्तीसगढ़ एनएचएम कर्मचारी संघ की ओर से रखी गई मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई और उनमें से कई बिंदुओं पर सहमति बनी। इससे साफ है कि राज्य सरकार संविदा स्वास्थ्यकर्मियों की परेशानियों को गंभीरता से लेकर नीतिगत बदलावों की दिशा में काम कर रही है।



