CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें बिलासपुर में लव जिहाद का खुलासा, दुष्कर्म और जबरन गर्भपात का मामला, महिला सुरक्षा पर एक्शन 2500 संस्थानों को नोटिस, बीजापुर में 8 नक्सली गिरफ्तार, राजनांदगांव में ASI पर रिश्वतखोरी का आरोप, कोयला घोटाले में भूपेश बघेल के गंभीर आरोप, कांकेर थाने में आत्मसमर्पित नक्सली जोड़े की शादी, रायपुर जूक क्लब मारपीट में सौरभ चंद्राकर का भांजा गिरफ्तार, धान खरीदी में गड़बड़ी पर कलेक्टर होंगे जिम्मेदार, रायपुर की रफ्तार बढ़ाएंगी 8 लेन सड़कें, और प्रदेश का पहला हॉस्पिस वार्ड शुरू समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

बिलासपुर में लव जिहाद का मामला, दुष्कर्म और जबरन गर्भपात का आरोप

Love Jihad Case: बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में एक युवती ने साजिद अहमद नामक युवक पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। आरोपी ने युवती से प्रेम का नाटक कर उसके प्राइवेट वीडियो बनाए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक शोषण किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में मोबाइल से 40 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुए हैं।

महिला सुरक्षा पर बड़ा एक्शन, 2500 संस्थानों को नोटिस जारी

Women Safety: छत्तीसगढ़ सरकार ने महिलाओं की कार्यस्थल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। श्रम विभाग ने रायपुर में 2500 से अधिक सरकारी और निजी संस्थानों को नोटिस जारी किया है, जिनमें महिला शिकायत समितियां गठित नहीं की गई थीं। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद अब प्रत्येक संस्थान में एक सीनियर महिला अधिकारी और चार सदस्यों की समिति बनाना अनिवार्य कर दिया गया है। समिति नहीं बनाने पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।

बीजापुर में 8 नक्सली गिरफ्तार, तीन पर था तीन लाख का इनाम

Naxal Arrest: बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। थाना बासागुड़ा, डीआरजी और सीआरपीएफ की 168वीं बटालियन के जवानों ने जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाकर आठ नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन पर तीन-तीन लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली कई हमलों और विस्फोटों में शामिल रहे हैं। यह अभियान नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों की बड़ी जीत माना जा रहा है।

राजनांदगांव में ASI पर रिश्वतखोरी का आरोप, महिला ने SP से की शिकायत

Corruption Case: राजनांदगांव जिले में महिला ने आरोप लगाया है कि थाना बसंतपुर में पदस्थ एएसआई और एक पुलिसकर्मी ने उसके पति के केस का चालान कोर्ट में पेश करने के नाम पर 30 हजार रुपये की मांग की। महिला का कहना है कि उसके पति पर झूठा लूट का केस दर्ज किया गया था और रिश्वत नहीं देने पर चालान कोर्ट में नहीं भेजा जा रहा था। पीड़िता ने एसपी को लिखित शिकायत देकर जांच की मांग की है। एएसपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कोयला घोटाले में भूपेश बघेल के गंभीर आरोप, EOW-ACB पर झूठे बयान बनाने का आरोप

Coal Scam Allegation: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने EOW और ACB पर कोयला घोटाले मामले में झूठे बयान बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एजेंसियां पहले से लिखे हुए बयान कोर्ट में पेश कर रही हैं और न्याय प्रक्रिया की अवहेलना कर रही हैं। कांग्रेस ने दावा किया कि बयान पेन ड्राइव से कोर्ट में फीड किए गए, हस्तलिखित नहीं थे। इस मामले में रायपुर कोर्ट ने तीन वरिष्ठ अधिकारियों को नोटिस जारी कर 25 अक्टूबर को तलब किया है। बघेल ने कहा कि “यह पूरा ऑपरेशन दिल्ली से संचालित हो रहा है और कानून का डर खत्म होता जा रहा है।”

रायपुर में 8 लेन और 6 लेन सड़कों से बढ़ेगी राजधानी की रफ्तार

Raipur Development: राजधानी रायपुर में परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए सरकार ने कई सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है। रायपुर-विशाखापट्टनम, रायपुर-लखनादौन, रायपुर-बिलासपुर और दुर्ग-आरंग कॉरिडोर को 6 और 8 लेन में विस्तारित किया जाएगा। रायपुर से सारंगढ़ तक 186 किमी फोरलेन सड़क का काम भी तेजी से चल रहा है। ये प्रोजेक्ट न केवल ट्रैफिक जाम से राहत देंगे बल्कि व्यापार और उद्योग को भी नई दिशा देंगे।

कांकेर थाना बना शादी का मंडप, आत्मसमर्पित नक्सली जोड़े ने रचाई शादी

Naxal Wedding: कांकेर जिले के पखांजूर थाना परिसर में आत्मसमर्पित नक्सली जोड़े सागर दिर्दो और सचिला मंडावी ने हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया। दोनों कुछ महीने पहले पुलिस के सामने सरेंडर कर चुके थे। अब उन्होंने समाज की मुख्यधारा में लौटकर नई जिंदगी की शुरुआत की है। इस समारोह में पुलिस अधिकारी, ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। यह शादी नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

रायपुर में जूक क्लब मारपीट मामला, सौरभ चंद्राकर का भांजा गिरफ्तार

Raipur Crime: रायपुर के चर्चित जूक क्लब मारपीट मामले में पुलिस ने सौरभ चंद्राकर के भांजे पुलकित चंद्राकर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि इन्होंने ट्रांसपोर्ट कारोबारी पर पिस्टल के बट से हमला किया था। घटना के बाद आरोपी फरार थे और एक माह तक पुलिस से बचते रहे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जुलूस निकाला। फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है।

धान खरीदी में अनियमितता पर कलेक्टर होंगे जिम्मेदार

Paddy Procurement: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी में किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर कलेक्टर जिम्मेदार होंगे। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर प्रभारी सचिव निगरानी रखेंगे। बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा और खाद्य विभाग की तैयारियों की भी जानकारी ली गई। सीएम ने कहा कि पारदर्शिता और किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

रायपुर में प्रदेश का पहला हॉस्पिस और पेलियेटिव केयर वार्ड शुरू

Health Initiative: रायपुर के संजीवनी कैंसर केयर हॉस्पिटल में प्रदेश का पहला हॉस्पिस और स्पेशलिस्ट पेलियेटिव केयर वार्ड शुरू किया गया है। यह पहल डॉ. यूसुफ मेमन के मार्गदर्शन और डॉ. अविनाश तिवारी के नेतृत्व में शुरू की गई। हॉस्पिस का उद्देश्य अंतिम स्टेज के कैंसर मरीजों को शारीरिक और मानसिक राहत देना है। विधायक अनुज शर्मा और मोतीलाल साहू की उपस्थिति में इसका उद्घाटन किया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे मरीजों को सम्मानजनक और दर्द-मुक्त जीवन के अंतिम क्षण मिल सकेंगे।

Also Read: Gold Silver Price Today: रायपुर सराफा बाजार में रिकॉर्ड तोड़ उछाल: चांदी ₹1.64 लाख पार, डिमांड ज्यादा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button