
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘यूनिटी मार्च’ (राष्ट्रीय पदयात्रा) में भाग लेने जा रहे राज्य के युवाओं के दल को रवाना किया। रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय से मुख्यमंत्री साय ने 68 छत्तीसगढ़ी युवाओं के दल को हरी झंडी दिखाकर गुजरात के लिए रवाना किया। यह युवा पदयात्रा सरदार पटेल की कर्मभूमि करमसद से केवड़िया तक आयोजित होगी और पूरे भारत में एकता और अखंडता का संदेश देगी।
सरदार पटेल: अखंड भारत के निर्माता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति, अटल संकल्प और अथक परिश्रम ने ही भारत को एक सूत्र में पिरोया। उन्होंने देश की 562 रियासतों और ब्रिटिश शासन के अधीन क्षेत्रों को एकजुट कर अखंड भारत की नींव रखी। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हाल ही में उन्होंने गुजरात के केवड़िया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के दर्शन किए थे, जहां उन्होंने भारत की सांस्कृतिक एकता और छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति की झलक देखी थी।
26 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलेगा यूनिटी मार्च
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस यूनिटी मार्च में छत्तीसगढ़ के युवाओं के साथ-साथ देशभर के जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे, जो सभी के लिए गर्व की बात है। इस अवसर पर मौजूद उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत की सांस्कृतिक और भौगोलिक एकता के निर्माण में सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय है, और रियासतों के विलय का उनका कार्य भारत की एकता का आधार बना।
युवाओं को शुभकामनाएं और उज्जवल भविष्य की कामना
इस मौके पर जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने भी युवाओं को संबोधित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए पदयात्रा में शामिल होने के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व विधायक नवीन मार्कण्डेय, जी. वेंकट राव, श्याम नारंग, राहुल टिकरिया, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार सहित बड़ी संख्या में युवा, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



