
रायपुर, 10 फरवरी 2025: छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनाव में मतदान कल होने जा रहे हैं, इससे पहले मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भाजपा की बड़ी जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को राज्य की जनता का पूरा समर्थन है और चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में ही आएंगे।
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा, “छत्तीसगढ़ की जनता भाजपा के विकास मॉडल पर भरोसा करती है। जैसे लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन मिला था, वैसे ही नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय चुनावों में भी भाजपा की जीत सुनिश्चित है।”
उन्होंने यह भी कहा कि उपचुनाव में पार्टी को जो सफलता मिली थी, वही सफलता नगरीय निकाय चुनाव में भी मिलने वाली है। मुख्यमंत्री ने राज्यभर में किए गए अपने दौरे और आयोजित भव्य रोड शो का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं में महतारी वंदन अभियान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। इसके साथ ही किसानों में भी भाजपा के प्रति गहरा विश्वास है।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस अब जनता का विश्वास खो चुकी है और उन्हें अब वोट नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा, “जनता को यह समझ में आ चुका है कि कांग्रेस कहती कुछ है, करती कुछ है।”
साथ ही, उन्होंने यह भरोसा जताया कि पंचायत चुनाव में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवार भारी बहुमत से जीतेंगे। मुख्यमंत्री का कहना था कि जनता ने पहले ही कांग्रेस के वादों को नकार दिया है और भाजपा के पक्ष में मतदान करेगी।