CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें 26 नवंबर को लेबर कोड्स के खिलाफ ट्रेड यूनियनों का देशव्यापी प्रदर्शन; हाईकोर्ट ने शिक्षाकर्मियों की 1188 याचिकाएँ खारिज कर संविलियन से पहले “गैर-सरकारी सेवक” का दर्जा स्पष्ट किया; दिल्ली इन्वेस्टर कनेक्ट में राज्य को उद्योग–पर्यटन क्षेत्र में 6826 करोड़ के निवेश प्रस्ताव; बिलासपुर के सरकंडा में दंपत्ति की संदिग्ध मौत और लिपस्टिक वाले सुसाइड नोट ने बढ़ाई सनसनी; सूरजपुर में बच्चे को पेड़ पर लटकाने वाले मामले के बाद 32 निजी स्कूलों की मान्यता रद्द; नारायणपुर में 89 लाख इनामी 28 माओवादी हथियारों के साथ समर्पित; SIR प्रक्रिया पर भूपेश बघेल का तीखा हमला और बीएलओ सुरक्षा पर सवाल; दंतेवाड़ा बचेली शराब दुकान में 1 करोड़ से अधिक के गबन का खुलासा; CM साय की रेल मंत्री से मुलाकात में नई रेल लाइनों और कनेक्टिविटी परियोजनाओं पर चर्चा; रायपुर में DGP–IGP कॉन्फ्रेंस से पहले SPG ने सुरक्षा की कमान संभाली समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
लेबर कोड्स के खिलाफ ट्रेड यूनियनों का देशव्यापी प्रदर्शन 26 नवंबर को
Trade Unions Protest: केंद्र सरकार द्वारा घोषित नए लेबर कोड्स के खिलाफ छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में 26 नवंबर को व्यापक विरोध प्रदर्शन होगा। रायपुर में यूनियन कार्यकर्ता काली पट्टी लगाकर कार्यस्थलों पर विरोध करेंगे और शाम 5:30 बजे घड़ी चौक स्थित अंबेडकर प्रतिमा के सामने संयुक्त प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। संयुक्त मंच ने लेबर कोड्स को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए इन्हें मजदूरों के लिए “गुलामी का दस्तावेज़” करार दिया है। यूनियनों का कहना है कि सरकार ILC की बैठक बुलाने और कोड्स वापस लेने की मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही है।
संविलियन से पहले शिक्षाकर्मी सरकारी सेवक नहीं- हाईकोर्ट ने 1188 याचिकाएँ खारिज कीं
High Court Judgment: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि पंचायतों द्वारा नियुक्त शिक्षाकर्मी तब तक शासकीय सेवक नहीं माने जा सकते जब तक उनका स्कूल शिक्षा विभाग में संविलियन न हो जाए। कोर्ट ने कहा कि क्रमोन्नति लाभ 2017 सर्कुलर के अनुसार केवल नियमित सरकारी कर्मचारियों को ही उपलब्ध है। याचिकाकर्ताओं द्वारा 10 वर्ष सेवा पूरी होने के आधार पर माँगे गए क्रमोन्नति लाभ को न्यायालय ने अस्वीकार कर दिया और 1188 याचिकाएँ एक साथ खारिज कर दीं।
दिल्ली में इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को उद्योग व पर्यटन के लिए मिला 6826 करोड़ का प्रस्ताव
Investor Connect: राजधानी दिल्ली में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को उद्योग व पर्यटन क्षेत्र में कुल 6826.25 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले। स्टील, पावर, होटल, वेस्ट-टू-एनर्जी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की प्रमुख कंपनियों ने राज्य में नए प्रोजेक्ट लगाने की रुचि जताई। इन निवेशों से आने वाले वर्षों में 3,000 से अधिक रोजगार अवसर बनने की उम्मीद है। अब तक राज्य को कुल 7.90 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।
सरकंडा में दंपत्ति की संदिग्ध मौत, लिपस्टिक से लिखा सुसाइड नोट में पत्नी पर आरोप
Suspicious Death: बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में एक दंपत्ति की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। घर में पत्नी मृत अवस्था में बिस्तर पर और पति पंखे से लटका मिला। पुलिस को दीवार पर लिपस्टिक से लिखा एक नोट मिला है, जिसमें पति ने पत्नी के चरित्र पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस हत्या और आत्महत्या के एंगल से जांच कर रही है।
सूरजपुर में 32 निजी स्कूलों की मान्यता रद्द, बच्चे को पेड़ पर लटकाने का मामला तूल पकड़ता गया
School Crackdown: सूरजपुर जिले में होमवर्क नहीं करने पर नर्सरी के बच्चे को पेड़ से लटकाने की घटना के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। नियमों का पालन नहीं करने पर 32 निजी स्कूलों की मान्यता रद्द कर दी गई। आरोपी शिक्षिका को तत्काल बर्खास्त किया गया। जांच में पाया गया कि कई स्कूल बिना उचित मैदान और सुरक्षा मानकों के संचालित हो रहे थे। इस कार्रवाई से निजी स्कूल संचालकों में हड़कंप है।
नारायणपुर में 28 माओवादी हथियारों के साथ समर्पित, 89 लाख का इनाम था घोषित
Maoist Surrender: “पूना मारगेम” पुनर्वास योजना के तहत नारायणपुर जिले में 28 माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। इनमें 19 महिला माओवादी शामिल हैं, जिन पर कुल 89 लाख रुपये का इनाम था। तीन माओवादियों ने SLR, INSAS और 303 रायफल भी सौंपे। आईजी सुंदरराज ने कहा कि पिछले 50 दिनों में बस्तर रेंज में 512 से अधिक माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जो माओवादी विचारधारा के समाप्त होने का संकेत है।
SIR प्रक्रिया पर भूपेश बघेल का बोले- ‘केंचुआ डसने से मर रहे बीएलओ’
Political Attack: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया पर तीखा हमला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि “केंचुआ के डसने से बीएलओ की मौत” वाले बयान का अर्थ है कि निर्वाचन आयोग की लापरवाही मौत का कारण बन गई है। उन्होंने दावा किया कि बीएलओ पर भाजपा समर्थित गुंडे दबाव बना रहे हैं और SIR फार्म अपलोड भी ठीक से नहीं हो रहे। कांग्रेस का आरोप है कि SIR के नाम पर बड़े पैमाने पर मतदाता नाम काटने की तैयारी चल रही है।
दंतेवाड़ा के बचेली शराब दुकान में 1 करोड़ से अधिक का गबन
Liquor Scam: दंतेवाड़ा जिले के बचेली स्थित शराब दुकान में 1 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय हेराफेरी का मामला सामने आया है। मुख्य विक्रयकर्ता सहित तीन लोगों के खिलाफ जांच शुरू हो चुकी है। विभागीय अधिकारी अभी विस्तृत जानकारी साझा नहीं कर रहे, लेकिन पुलिस और आबकारी विभाग मामले को गंभीरता से जांच रहे हैं।
नई रेल लाइनें, तेज़ परियोजनाएँ, दिल्ली में रेल मंत्री से मिले CM साय
Railway Expansion: दिल्ली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की बैठक में छत्तीसगढ़ की नई रेल परियोजनाओं, लंबित लाइनों और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा हुई। सीएम ने कहा कि खनिजसम्पन्न राज्य होने के कारण छत्तीसगढ़ को मजबूत रेल नेटवर्क की आवश्यकता है। रेल मंत्री ने कनेक्टिविटी बढ़ाने और औद्योगिक क्षेत्रों को कॉरिडोर से जोड़ने वाली परियोजनाओं को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया।
रायपुर में DGP-IG कॉन्फ्रेंस से पहले SPG ने संभाला मोर्चा
Security Alert: रायपुर में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाली DGP-IGP कॉन्फ्रेंस के लिए SPG की टीम शहर पहुँच चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और NSA अजित डोभाल इस सम्मेलन में शामिल होंगे। नवा रायपुर के IIM परिसर में 500 से अधिक शीर्ष अधिकारी पहुंचेंगे। कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा का जिम्मा SPG ने संभाल लिया है, जबकि शहर के कई हिस्सों में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
Also Read: विकास की नई उड़ान: विधायक अजय चंद्राकर के प्रयासों से करेली बड़ी को मिलेगा नगर पंचायत का दर्जा



