
CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करें।
गरियाबंद में PMGSY की सड़क बनी मुसीबत, पहली बारिश में उखड़ी सड़क
PMGSY Road Controversy: गरियाबंद ज़िले के घटकर्रा गांव में पीएम जनमंत्र (PM JANMAN) योजना के तहत बनी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की सड़क पहली ही बारिश में उखड़ने लगी है। 31.63 लाख रुपये की लागत से बनी 700 मीटर लंबी सड़क की हालत देखकर ग्रामीणों में नाराजगी है। हैरानी की बात तो ये है कि सड़क बिजली के खंभों को घेरते हुए बनाई गई है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। सवाल उठने लगे हैं कि निर्माण की गुणवत्ता की जांच कौन करेगा?
बिलासपुर-अंबिकापुर फ्लाइट बंद, यात्रियों की कमी और मानसून बना वजह
Bilaspur Ambikapur Flight Closed: बिलासपुर से अंबिकापुर के बीच चलने वाली फ्लाई बिग कंपनी की हवाई सेवा को फिलहाल बंद कर दिया गया है। पहले यह फ्लाइट हफ्ते में छह दिन चलती थी, फिर तीन दिन हुई और अब मानसून के कारण दृश्यता की कमी का हवाला देकर सेवा पूरी तरह रोक दी गई है। टिकट बुकिंग साइट भी बंद है। यात्रियों के लिए यह बड़ा झटका है।
“पुरखा के सुरता” कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी भाषा और संस्कृति पर चर्चा
CG Purkha ke Surta Program: बिलासपुर में “मोर चिन्हारी छत्तीसगढ़ी” संस्था की ओर से साहित्यकार डॉ. पालेश्वर शर्मा और भरथरी गायिका सुरुज बाई खांडे की स्मृति में “पुरखा के सुरता” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में जनप्रतिनिधियों, साहित्यकारों और शिक्षाविदों ने एक स्वर में छत्तीसगढ़ी भाषा को शिक्षा और प्रशासन में शामिल करने की मांग की। इस दौरान दिवंगत कवि डॉ. सुरेंद्र दुबे को भी श्रद्धांजलि दी गई।
पाटन में सीएम साय ने किया मध्य भारत की सबसे बड़ी हर्बल यूनिट का उद्घाटन
CG Herbal Processing Unit: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग जिले के पाटन क्षेत्र के ग्राम जामगांव (एम) में छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी आयुर्वेदिक औषधि प्रसंस्करण इकाई का उद्घाटन किया। इस इकाई के साथ एक केंद्रीय भंडारण केंद्र और हर्बल एक्सट्रेक्शन यूनिट की भी शुरुआत की गई है। यह पूरा मॉडल ‘फॉरेस्ट टू फार्मेसी’ योजना का हिस्सा है, जिससे करीब 2,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। सीएम ने कहा कि सरकार वनवासियों और ग्रामीणों की आय बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
धर्मांतरण विवाद: बिलासपुर के तोरवा में दो पक्ष आमने-सामने
Bilaspur Religious Conversion: बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र के केवटपारा में रविवार को धर्मांतरण को लेकर विवाद हो गया। हिंदू संगठनों ने प्रार्थना सभा के जरिए धर्मांतरण का आरोप लगाया, वहीं ईसाई समुदाय ने संगठन के कार्यकर्ताओं पर मारपीट और पथराव के आरोप लगाए हैं। दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामला गरमाता देख पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और इलाके में अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी गई है।
जीएसटी भ्रष्टाचार पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी का बड़ा बयान
GST Corruption Statement OP Chaudhary: राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जीएसटी विभाग में भ्रष्टाचार को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी अधिकारी आपसे पैसे की मांग करता है, तो मुझे तुरंत बताएं। मैं एसीबी से उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कराऊंगा। चौधरी का यह बयान उन व्यापारियों और करदाताओं के लिए राहत की खबर है, जो विभागीय भ्रष्टाचार से परेशान रहते हैं।
कोरबा में पुलिस पर हमला, तीन जवान घायल – एक जंगल में बेसुध मिला
Korba Police Attack: कोरबा ज़िले के कटघोरा में चोरी की जांच करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। यह मामला बांगो थाना क्षेत्र के बगबुड़ा गांव का है। जांच कर रही पुलिस टीम पर अचानक ग्रामीणों की भीड़ ने हमला कर दिया, जिसमें आरक्षक अभिषेक पांडेय, गजेंद्र बिघावार और अनिल पोर्ते घायल हो गए। इसी दौरान एक आरक्षक लापता हो गया, जिसे करीब पांच घंटे बाद जंगल में बेसुध हालत में एक नाले के पास से बरामद किया गया। फिलहाल मामले की जांच चल रही है और सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।
चरण पादुका योजना फिर शुरू, CM साय ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को पहनाई चप्पल
Charan Paduka Yojana: दुर्ग के जामगांव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को सम्मानपूर्वक ‘चरण पादुका’ पहनाकर योजना की पुनः शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना केवल चप्पल देने की नहीं, बल्कि उन परिश्रमी हाथों के सम्मान की है जो वनों की कठिन राहों से होकर प्रदेश की समृद्धि गढ़ते हैं। योजना से प्रदेश के 12 लाख से ज्यादा संग्राहकों को लाभ मिलेगा।
नक्सल क्षेत्रों में महिलाओं के लिए 159 आंगनबाड़ी केंद्र, 70 लाख महिलाओं को ₹10,431 करोड़ का सीधा लाभ
Anganwadi Centers Naxal Areas: मुख्यमंत्री साय से केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने रायपुर में मुलाकात की। इस दौरान नक्सल प्रभावित जिलों में महिलाओं और बच्चों के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि 159 आंगनबाड़ी केंद्र सफलतापूर्वक चलाए जा रहे हैं और “महतारी वंदन योजना” के तहत अब तक ₹10,431.30 करोड़ की राशि सीधे 70 लाख महिलाओं के खातों में भेजी गई है।
भारतमाला घोटाला: SDM, तहसीलदार समेत 6 अफसरों पर कार्रवाई की तलवार, संपत्ति हो सकती है जब्त
Bharat Mala Project Scam: 43 करोड़ के भारतमाला प्रोजेक्ट घोटाले में रायपुर की विशेष अदालत ने बड़ा कदम उठाया है। तहसील और राजस्व विभाग के 6 अफसरों – एक एसडीएम, एक तहसीलदार, एक नायब तहसीलदार और तीन पटवारियों के खिलाफ उद्घोषणा जारी की गई है। कोर्ट ने चेतावनी दी है कि 29 जुलाई तक पेश नहीं होने पर गैर-जमानती वारंट और संपत्ति कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।



